नीरज सिसौदिया
बॉलीवुड की पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी अब इस दुनिया में नहीं हैं। शनिवार 25 फरवरी को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया लेकिन उनकी बेमिसाल अदाकारी के लिए हिंदी सिनेमा उन्हें सदियों तक याद करेगा।
सिनेमा की दुनिया में श्रीदेवी एक ऐसा नाम है जिसने अपनी काबिलियत के बल पर अपना अलग मुकाम हासिल किया था। श्रीदेवी मूलतः मद्रास के एक छोटे से कस्बे शिवकाशी की रहने वाली थी। उनका असली नाम अम्मा यंगर अय्यप्पन था। उन्होंने अपने फिल्मी सफर की शुरूआत बाल कलाकार के रूप में तेलुगु फिल्म थुनायवन से की थी। यह फिल्म 1969 में आई थी उस वक्त श्रीदेवी महेश 4 साल की थीं। बॉलीवुड से पहले श्रीदेवी ने तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में अपनी एक अलग पहचान बना ली थी।
बॉलीवुड में 1975 में आई फिल्म जूली श्रीदेवी की पहली फिल्म थी। इस फिल्म में उन्होंने एक मासूम बच्ची का किरदार निभाया था। बतौर मुख्य अभिनेत्री बॉलीवुड में श्रीदेवी की पहली फिल्म सोलवां सावन थी लेकिन उन्हें प्रसिद्धि 1983 में आई फिल्म हिम्मतवाला से मिली थी। जितेंद्र के साथ श्रीदेवी की इस फिल्म के गाने काफी हिट हुए और वह स्टार बन गईं। इसके बाद जितेंद्र के साथ उन्होंने करीब 16 फिल्मों में काम किया है जिनमें से 13 फिल्में सुपरहिट थी। अपने करियर के दौरान श्रीदेवी ने हर तरह के किरदार निभाए। सदमा में निभाए गए उनके किरदार ने उन्हें एक परिपक्व अभिनेत्री के रूप में। वहीं सनी देओल के साथ आई फिल्म चालबाज में उन्होंने डबल रोल निभा कर अपने अभिनय का लोहा मनवाया था। चांदनी, सदमा, आखिरी रास्ता, लाडला, जुदाई, नजराना, मिस्टर इंडिया, मवाली, तोहफा, सुहागन जैसी फिल्मों ने श्रीदेवी को एक अलग पहचान दिलाई। 90 के दशक में श्रीदेवी सबसे महंगी हीरोइन थीं। 1967 से लेकर 1997 तक वह फिल्मों में काफी एक्टिव रहीं।
1985 में उन्होंने फिल्म स्टार मिथुन चक्रवर्ती के साथ शादी की लेकिन मिथुन के साथ उनका रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चल सका। 1988 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद 8 साल तक श्रीदेवी किसी रिश्ते में नहीं बंधीं। 1996 में उन्होंने बोनी कपूर के साथ दूसरी शादी की। बोनी कपूर से उन्हें दो बेटियां भी हुईं। 1997 में श्रीदेवी ने फिल्मों को अलविदा कह दिया था। लेकिन फिल्म इंग्लिश विंग्लिश के साथ 15 साल के इंतजार के बाद श्रीदेवी ने अपनी दूसरी पारी शुरू की। उनकी इस फिल्म को काफी सराहा गया। वर्ष 2017 में श्रीदेवी ने फिल्म मॉम के साथ अपनी 300 फिल्में पूरी कीं। श्रीदेवी जैसे सितारे दुनिया में विरले ही आते हैं। श्रीदेवी की बेमिसाल अदाकारी और उनके योगदान के लिए बॉलीवुड उन्हें हमेशा याद रखेगा। श्रीदेवी भले ही आज इस दुनिया से रुखसत हो गई हों लेकिन हिंदी सिनेमा का यह सितारा अमर हो गया है।