नीरज सिसौदिया, बरेली
नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को इंदिरा गांधी को पीछे छोड़कर लगातार सबसे लंबे समय तक भारत के प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले दूसरे नेता बन गए। अभी तब सबसे अधिक समय तक इस पद पर रहने का रिकार्ड प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम है। उत्तर प्रदेश की बरेली कैंट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से पीएम मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
उन्होंने फेसबुक पर की गई एक पोस्ट में बताया कि मोदी ने शुक्रवार को अपने कार्यकाल के 4,078 दिन पूरे कर लिए हैं। इंदिरा गांधी 24 जनवरी, 1966 से 24 मार्च, 1977 तक लगातार 4,077 दिन तक प्रधानमंत्री रही थीं। लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम है। मोदी और नेहरू, दोनों के नेतृत्व में उनकी पार्टियों को लगातार तीन लोकसभा चुनाव में जीत मिली। नेहरू 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 को निधन होने तक इस पद पर बने रहे और उनका कार्यकाल 6,130 दिन का रहा। राज्य और केंद्र में सरकार के निर्वाचित प्रमुख के रूप में मोदी पहले ही सबसे लंबे कार्यकाल को रिकॉर्ड बना चुके हैं। वह 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर 2014 में प्रधानमंत्री बने। आजादी के बाद जन्मे मोदी सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर आसीन होने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता हैं। अधिकारियों ने बताया कि मोदी केंद्र सरकार के मुखिया के रूप में दो कार्यकाल पूरे करने वाले एकमात्र गैर-कांग्रेसी नेता हैं। एक अधिकारी ने कहा, “मोदी भारत के सभी प्रधानमंत्रियों और मुख्यमंत्रियों में से एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने एक पार्टी के नेता के रूप में लगातार छह चुनाव जीते हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा को 2002, 2007 और 2012 में गुजरात विधानसभा चुनाव और 2014, 2019 और 2024 में लोकसभा चुनाव में जीत मिली।”
संजीव अग्रवाल ने एक पोस्ट में लिखा, ‘सबके चहेते मोदी जी… देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आज 25 जुलाई 2025 को 4,078 दिन का प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल पूरा कर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी के 4,077 दिनों के लगातार पीएम के रूप में शासन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। माननीय प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में आज भारत तीव्र गति से विकास के मार्ग पर अग्रसर है तथा अनेकों कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। माननीय प्रधानमंत्री जी की यह सफल यात्रा उनकी सरलता, सौम्यता,अविचल निष्ठा, जन-आशीर्वाद, लोकप्रिय नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की ऐतिहासिक मिसाल है।’

इंदिरा गांधी से आगे निकले मोदी, लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले दूसरे प्रधानमंत्री बने, विधायक संजीव अग्रवाल ने दी बधाई




