नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी के पूर्व बरेली शहर विधानसभा प्रत्याशी और पार्षद राजेश अग्रवाल ने रविवार को मढ़ीनाथ स्थित शिवगंगा बारात घर में पार्टी संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर पीडीए महापंचायत का आयोजन किया। कार्यक्रम में दो हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों की मौजूदगी से महापंचायत में काफी भीड़ रही।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर राजेश अग्रवाल लगातार पीडीए महापंचायत और जनसंवाद कार्यक्रमों के जरिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने नेताजी को श्रद्धांजलि दी और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

इस मौके पर राजेश अग्रवाल ने जरूरतमंद लोगों को कंबल बांटे और मिठाई वितरित कर जयंती मनाई। उन्होंने क्षेत्र के कई सम्मानित लोगों को सम्मानित भी किया।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार हमेशा लोगों को रास्ता दिखाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नेताजी को पद्म विभूषण से सम्मानित किया था, लेकिन देश के लिए उनके योगदान को देखते हुए उन्हें भारत रत्न भी दिया जाना चाहिए।

2027 में अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प
महापंचायत में राजेश अग्रवाल ने लोगों को 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का समर्थन करने और अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव लाने और जनता के हितों की राजनीति को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। कार्यक्रम के अंत में राजेश अग्रवाल ने महापंचायत में पहुंचे क्षेत्रीय लोगों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।




