एजेंसी, मुंबई
मुंबई की सड़कों पर देर रात अकेला चलना महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं रह गया है। आम महिला तो छोड़िये बॉलीवुड और टीवी स्टार्स के साथ भी अभद्रता के मामले आम हो गए हैं। ताजा घटना बालिका वधू फेम बॉलीवुड और टीवी एक्ट्रेस माही विज के साथ हुई है। माही के साथ बीच सड़क पर गाली-गलौच की गई और रेप करने की धमकी भी दी गई। माही ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी है। वहीं मुंबई पुलिस ने उन्हें संबंधित पुलिस थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए माही विज ने लिखा कि शनिवार देर रात कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्रता की। बीच सड़क पर गाली-गलौच किया और मुख्य आरोपी की पत्नी ने अपने पति से कहा कि इसका रेप कर दे। माही ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें सिर्फ एक गाड़ी की नंबर प्लेट ही दिखाई दे रही है और किसी के चिल्लाने की आवाज आ रही है। माही ने मुंबई पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की अपील की है।
मुंबई पुलिस ने इसका जवाब देते हुए कहा कि आप अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन जाकर इसकी कंप्लेन दर्ज कराएं।
Facebook Comments