पंजाब

दिल्ली में भाजपा नेता को गिरफ्तार कर फंसी पंजाब पुलिस, अपहरण का केस दर्ज, पंजाब भाजपा में उबाल, दसूहा इंचार्ज रघुनाथ राणा ने खोला मोर्चा, पढ़ें पूरी खबर

Share now

नीरज सिसौदिया, जालंधर
भड़काऊ भाषण और अपमानजनक टिप्पणी के मामले में भाजपा नेता तेजिंदरपाल सिंह बग्गा को दिल्ली से गिरफ्तार करना पंजाब पुलिस को महंगा पड़ गया। बग्गा को गिरफ्तार कर पंजाब ला रही पंजाब पुलिस पर दिल्ली पुलिस ने जहां अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है वहीं, हरियाणा पुलिस ने हाईवे पर ही पंजाब पुलिस की गाड़ी को रोक लिया। इधर, बग्गा की गिरफ्तारी की खबर पूरे पंजाब में आग की तरह फैल गई। इसके बाद से पंजाब के भाजपा नेताओं में उबाल देखने को मिल रहा है। दसूहा भाजपा के विधानसभा इंचार्ज रघुनाथ सिंह राणा ने पंजाब पुलिस के इस रवैये को तानाशाही पूर्ण रवैया करार देते हुए केंद्र सरकार से मामले का संज्ञान लेने की अपील की है।
राणा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इशारे पर पंजाब पुलिस ने बदले की नीयत से कार्रवाई की है। पंजाब पुलिस ने तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाते हुए भाजपा नेता को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस को जो भी कार्रवाई करनी थी वह कानून के दायरे में रखकर करनी चाहिये थी। कानून के मुताबिक अगर किसी राज्य की पुलिस किसी दूसरे राज्य में जाकर आरोपी को गिरफ्तार करना चाहती है तो इसके लिए बाकायदा उस राज्य की पुलिस से अनुमति लेनी पड़ती है, उसे छापेमारी से पूर्व सूचित करना होता है लेकिन पंजाब पुलिस ने ऐसा नहीं किया। वह सीधे गई और बग्गा को पकड़कर ले जाने लगी। राणा ने कहा कि जब पंजाब पुलिस दिल्ली जाकर ऐसा तानाशाही भरा रवैया अपना सकती है तो पंजाब में कानून व्यवस्था का क्या हाल होगा इसका अंदाजा खुद ब खुद लगाया जा सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। राणा ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है। सही को सही और गलत को गलत कहने का अधिकार है। इसका मतलब यह तो नहीं कि अपनी बात रखने वाले को आप जेल में डाल दें। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस का यह कृत्य बेहद निंदनीय है। हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
बहरहाल, पंजाब पुलिस ने बग्गा को दिल्ली में गिरफ्तार तो कर लिया लेकिन वह उसे लेकर पंजाब नहीं पहुंच सकी है। हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में ही हाईवे पर पंजाब पुलिस की गाड़ी को रोक लिया। कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला के एसपी भी मौके पर पहुंच चुके हैं। हरियाणा पुलिस पंजाब पुलिस से पूछताछ कर रही है। ऐसे में पंजाब पुलिस बग्गा को पंजाब लाने में कामयाब हो पाएगी, इस पर भी संशय है।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *