चंडीगढ़

पहले सेना में बना अग्निवीर, हथियारों की ली ट्रेनिंग, तैनाती मिली तो छुट्टी पर लौटा और करने लगा लूटपाट

Share now

चंडीगढ। मोहाली पुलिस ने बुधवार को कहा कि उसने वाहन छीनने के एक मामले में एक ‘अग्निवीर’ समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान अग्निवीर इश्मीत सिंह उर्फ ​ईशू, प्रभप्रीत सिंह उर्फ ​प्रभ और बलकरण सिंह के रूप में हुई है, जिन्होंने मोहाली के बालोंगी में एक कमरा किराए पर लिया था। मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संदीप कुमार गर्ग ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तीनों ने दो दिन पहले एक ऐप के जरिए कैब बुक करने के बाद बंदूक के बल पर चालक से कथित तौर पर कार छीन ली थी। उन्होंने बताया कि मोहाली जिले में वाहन छीनते समय उन्होंने चालक के चेहरे पर मिर्च स्प्रे छिड़क दिया था। एसएसपी ने बताया कि इश्मीत वर्तमान में पश्चिम बंगाल में तैनात है और दो महीने पहले छुट्टी पर पंजाब आया था, लेकिन एक महीने की छुट्टी समाप्त होने के बाद वह ड्यूटी पर वापस नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि आरोपी पंजाब के फाजिल्का जिले का रहने वाला है। गर्ग ने बताया कि मामले की जांच शुरू की गई और बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी वाहन छीनने और चोरी की कुछ अन्य घटनाओं में भी शामिल हैं और अपराध करने के बाद फाजिल्का भाग जाते थे। एसएसपी ने कहा, ”इश्मीत सिंह 2022 में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुआ था।” उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से चोरी की एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और एक तमंचा भी बरामद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *