नीरज सिसौदिया, बरेली
सपा में अब नए जिला अध्यक्षों को लेकर कयासों का दौर शुरू हो चुका है। संभावना जताई जा रही है कि आगामी एक माह के भीतर नए जिलाध्यक्षों के नामों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इनमें बरेली के शिवचरन कश्यप भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि यह पूरी कवायद आगामी पंचायत चुनाव को लेकर की जा रही है। बरेली में अब नए जिलाध्यक्षों के लिए जिन नामों पर चर्चा हो रही है उनमें सबसे अधिक नाम यादव बिरादरी के हैं।
इनमें पहला नाम संजीव यादव का है। संजीव यादव सपा का युवा चेहरा हैं। वह संगठन में जिला महासचिव और जिला उपाध्यक्ष जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

संगठन का अनुभव और सरल स्वभाव उन्हें इस दौड़ में प्रबल दावेदार के तौर पर प्रस्तुत करता है।
दूसरा चेहरा शुभलेश यादव का का है। शुभलेश यादव पहले भी जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। वह प्रदेश कार्यकारिणी में भी सदस्य रह चुके हैं।

संगठन में कई पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सरल स्वभाव के शुभलेश यादव पर बरेली के कुछ बड़े नेताओं के साथ विधानसभा के टिकट के दावेदारों का भी वरदहस्त है। ये नेता शुभलेश को अध्यक्ष बनाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं ताकि विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए शुभलेश उनका साथ दें।
तीसरा चेहरा अरविंद यादव का है। अरविंद यादव सपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल हैं। वह पार्टी के सबसे पुराने नेता हैं जिन्होंने कभी पार्टी नहीं छोड़ी।

बरेली जिले में अरविंद यादव सपा में सबसे लंबी पारी खेल चुके हैं। वह 37 साल से संगठन में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ग्रामीण इलाकों में उनकी अच्छी पकड़ है। उनका लंबा राजनैतिक करियर अन्य दावेदारों की तुलना में उन्हें बेहतर बनाता है।

इन तीन यादव चेहरों के अलावा एक चेहरा साहू-तेली समाज से भी है। ये नाम है कमल साहू का। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा ने एक भी साहू को जिला अध्यक्ष नहीं बनाया है। अगर पीडीए पर जोर दिया गया तो कमल साहू बरेली में सपा का प्रमुख चेहरा हो सकते हैं।
