नीरज सिसौदिया, बरेली
बरेली नगर निगम के पूर्व उपसभापति अतुल कपूर ने एक बार फिर चुनावी बिगुल बजा दिया है। अबकी बार वह पूरी दमदारी से बरेली शहर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट की दावेदारी करने जा रहे हैं। इसकी शुरुआत उन्होंने पिछले दिनों आयोजित भागवत कथा के साथ कर दी है। उन्होंने अपने वार्ड के साथ ही विधानसभा क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी सक्रियता बढ़ा दी है। पिछली बार भी अतुल कपूर ने पूरे दमखम के साथ दावेदारी की थी लेकिन भाजपा ने इस सीट पर कोई बदलाव न करते हुए मौजूदा विधायक अरुण कुमार पर ही दोबारा भरोसा जताया था लेकिन अबकी बार अरुण कुमार 75 वर्ष की उम्र का दायरा पूरा कर चुके हैं। ऐसे में शहर विधानसभा सीट पर भाजपा के चेहरे में बदलाव तय माना जा रहा है। यही वजह है कि अतुल कपूर इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। वह लगातार धार्मिक आयोजनों के माध्यम से तो जनता के बीच जा ही रहे हैं, साथ ही जनसमस्याओं को लेकर नगर निगम के अधिकारियों के भी पेच कसते नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने नगर आयुक्त को नगर निगम की लापरवाही के बारे में बताते हुए नाराजगी जताई तो संबंधित अधिकारी दौड़े चले आए और समस्या का समाधान किया।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम पहल करते हुए अतुल कपूर ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के माध्यम से जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश देने का प्रयास किया।
अतुल कपूर पंजाबी खत्री समाज का उभरता हुआ चेहरा हैं। पिछले दो चुनावों में दो अलग-अलग वार्डों से विपरीत परिस्थितियों में भी जीत हासिल कर अतुल कपूर और उनकी पत्नी सोनिया अतुल कपूर ने अपनी लोकप्रियता को साबित कर दिखाया है।

उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के करीबी माने जा रहे अतुल कपूर समाजसेवा के क्षेत्र में भी अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने राजनीति को समाजसेवा का माध्यम बनाया है। यही वजह है कि तमाम राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर वह हमेशा से भारी पड़ते रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि अतुल कपूर ने अंदर खाने बूथ स्तर पर तैयारियां भी शुरू कर दी हैं और बहुत जल्द ही वह पूरे विधानसभा क्षेत्र में एक व्यापक अभियान भी शुरू करने जा रहे हैं। इस अभियान के बारे में फिलहाल कोई खुलासा नहीं किया गया है लेकिन माना जा रहा है कि यह अभियान कुछ दिनों का न होकर पूरे साल चलाया जाएगा।

अतुल कपूर की ये तैयारियां साबित करती हैं कि इस बार वो कोई मौका चूकना नहीं चाहते। बहरहाल, अतुल कपूर की इन तैयारियों ने पंजाबी खत्री समाज में नया जोश पैदा कर दिया है। उन्हें उम्मीद है कि इस बार पार्टी उनके समाज को प्रतिनिधित्व जरूर देगी क्योंकि कांग्रेस सरकार के भूतपूर्व मंत्री राम सिंह खन्ना के बाद से अब तक इस समाज को बरेली से एक भी विधायक नहीं मिला है।





