यूपी

बरेली में समाजवादी पार्टी का प्रजापति एवं पीडीए सम्मेलन, 2027 की रणनीति पर गूंजे नारे, एक मंच पर नजर आए पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन, पूर्व प्रत्याशी राजेश अग्रवाल, इंजीनियर अनीस अहमद खां सहित सपा के विधानसभा टिकट के दावेदार, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली
बरेली के चौपला स्थित रोटरी भवन में आज 4 सितंबर 2025 को समाजवादी पार्टी का प्रजापति एवं पीडीए सम्मेलन और सम्मान समारोह जोरदार माहौल में संपन्न हुआ। सम्मेलन ने न केवल 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी को धार दी, बल्कि समाजवादी पार्टी के संगठन और विचारधारा को भी मजबूती प्रदान की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम की खासियत यह रही कि महिलाओं को विशेष तौर पर मंच पर शाल उड़ाकर सम्मानित किया गया। इससे पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की कि समाजवादी पार्टी समाज की आधी आबादी को बराबरी का सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

समाजवादी पार्टी ही सबका सम्मान करती है: शमीम खां सुल्तानी

महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर सभी वर्गों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि प्रजापति समाज एक मेहनतकश और सम्मानित समाज है, जिसने हमेशा समाज और देश की भलाई में योगदान दिया है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब-जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी, तब-तब प्रजापति समाज के लोगों को शासन और संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं।

भाजपा बांटती है, सपा जोड़ती है: प्रवीण सिंह ऐरन

सम्मेलन के मुख्य अतिथि प्रवीण सिंह ऐरन ने भाजपा सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा लोगों को धर्म और जाति के नाम पर बांटने का काम किया है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने समाज को जोड़ने और सबको साथ लेकर आगे बढ़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से आम जनता त्रस्त है और अब लोग सपा की नीतियों और अखिलेश यादव के नेतृत्व की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं।

अखिलेश ही जनता की उम्मीद: शुभलेश यादव

पूर्व जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि आज के समय में देश और प्रदेश की जनता के सामने अगर कोई असली विकल्प है तो वह केवल अखिलेश यादव हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव दिन-रात मेहनत कर किसानों, नौजवानों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की आवाज़ को बुलंद कर रहे हैं। यही वजह है कि लोग उन्हें एक उम्मीद के रूप में देख रहे हैं।

2027 में सपा सरकार बनाने का लक्ष्य: अनीस अहमद

इंजीनियर अनीस अहमद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें 2027 को लक्ष्य बनाकर काम करना है। हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक सक्रिय होना होगा और संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि जब हम सब मिलकर मेहनत करेंगे, तभी समाजवादी पार्टी को बहुमत मिलेगा और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।

जनता के बीच ही राजनीति का असली मकसद: राजेश अग्रवाल

पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजेश अग्रवाल ने कहा कि उनकी राजनीति हमेशा जनता के बीच से शुरू होती है और जनता के बीच ही खत्म होती है। चाहे नगर निगम की समस्या हो या तहसील का मुद्दा, उन्होंने हमेशा हर स्तर पर जनता के साथ खड़े होकर समस्याओं को हल करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि उनका घर हर समय जनता की मदद के लिए खुला है और आगे भी खुला रहेगा।

आरक्षण पर खतरा मंडरा रहा है: संजीव यादव

जिला महासचिव संजीव यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार आरक्षण को खत्म करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि हमें अपने अधिकारों और आरक्षण की रक्षा के लिए पूरी ताकत से खड़ा होना होगा, क्योंकि यही पिछड़ों और दलितों के भविष्य की सुरक्षा का आधार है।

संविधान और इतिहास पर हमला: हरिओम प्रजापति

कार्यक्रम के संयोजक हरिओम प्रजापति ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह सरकार न केवल संविधान को कमजोर करने में लगी है बल्कि महापुरुषों के इतिहास को मिटाने की भी कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई नेता सचमुच पिछड़ों और वंचितों के हित के लिए संघर्ष कर रहा है, तो वह केवल अखिलेश यादव हैं, जो लगातार उनके विकास के लिए समर्पित हैं।

सम्मेलन में जुटा समाजवादी परिवार

सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से शेर सिंह गंगवार (महानगर उपाध्यक्ष), राजेश मौर्य (महानगर उपाध्यक्ष), रोहित राजपूत (कैंट विधानसभा अध्यक्ष), सत्य प्रकाश पटेल, सुरेंद्र प्रजापति, प्रताप प्रजापति, कमल प्रजापति, अरविंद गोला, मदनलाल प्रजापति, चौधरी सर्वेश वाल्मीकि, अजय वाल्मीकि, अनुज मौर्य, नन्हे प्रजापति और संजय प्रजापति ने अपने विचार रखे। सभी ने एक स्वर में 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *