नीरज सिसौदिया, बरेली
शहर विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनावी तैयारियों को मजबूती देने के उद्देश्य से समाजवादी पार्टी की ओर से एक महत्वपूर्ण बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर 04 जनवरी 2026, दिन रविवार को दोपहर 12:00 बजे शहर के होटल डिप्लोमेट रेजिडेंसी, अयूब खां चौराहा रोड पर आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी करेंगे, जबकि पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व राज्यसभा सांसद, बरेली व पीलीभीत के प्रभारी वीरपाल सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं पूर्व लोकसभा सदस्य प्रवीण सिंह ऐरन भी शामिल होंगे। यह पहला मौका होगा जब बरेली के बीएलए सम्मेलन में दो-दो सांसद साथ नजर आएंगे।
इस प्रशिक्षण शिविर को लेकर पार्टी संगठन में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए 124-शहर विधानसभा क्षेत्र के समस्त जोन प्रभारी, सेक्टर प्रभारी, महानगर कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी, शहर विधानसभा प्रभारी, विधानसभा अध्यक्ष एवं उनकी पूरी कार्यकारिणी, सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, कमेटी सदस्य, सम्मानित पार्षदगण, निवर्तमान पार्षद प्रत्याशी, वार्ड अध्यक्ष तथा अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के बीएलए साथियों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हसीव खान ने बताया कि इस बीएलए प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करना है। प्रशिक्षण के दौरान बीएलए की भूमिका, मतदान प्रक्रिया की बारीकियां, मतदाता सूची की जांच, मतदान के दिन की जिम्मेदारियां और किसी भी अनियमितता से निपटने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही बीएलए को यह भी बताया जाएगा कि वे किस प्रकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्य अतिथि वीरपाल सिंह यादव अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, अनुशासन और चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन देंगे। माना जा रहा है कि वे केंद्र और प्रदेश स्तर के राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए यह बताएंगे कि बूथ स्तर की मजबूत तैयारी किस तरह चुनावी सफलता की कुंजी बनती है। वहीं, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी संगठन के कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जिम्मेदारी निभाने और प्रशिक्षण से मिले ज्ञान को जमीनी स्तर पर लागू करने का आह्वान करेंगे।
महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा की ओर से जारी सूचना में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है। वहीं शहर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हसीव खान ने कहा कि बीएलए प्रशिक्षण शिविर केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाले चुनावों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण कदम है। इससे कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती मिलेगी।
4 जनवरी को आयोजित होने वाला यह बीएलए प्रशिक्षण शिविर शहर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की चुनावी तैयारियों को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि इस प्रशिक्षण के बाद बीएलए और कार्यकर्ता अधिक संगठित, सजग और जिम्मेदार भूमिका में नजर आएंगे।





