नीरज सिसौदिया, बरेली
126 विधानसभा आंवला क्षेत्र में इन दिनों सामाजिक सौहार्द और राजनीतिक सक्रियता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और आंवला विधानसभा सीट से टिकट के प्रबल दावेदार जीराज सिंह यादव ने सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में पहुंचकर न केवल लोगों से संवाद स्थापित किया, बल्कि भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया।

दिनांक 23 मार्च को जीराज सिंह यादव ग्राम पंचायत किनोना और आंवला नगर पालिका क्षेत्र में आयोजित ईद और होली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने दोनों समुदायों के लोगों को पर्वों की शुभकामनाएं दीं और कहा कि भारत की संस्कृति विविधता में एकता की मिसाल है, जहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और आपसी प्रेम व सौहार्द को मजबूत बनाते हैं।
किनोना ग्राम पंचायत में उन्होंने भगवान श्री महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने सामाजिक समरसता और पिछड़े वर्गों के उत्थान की बात करते हुए समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने “जय समाजवाद” और “ अखिलेश यादव जिंदाबाद” के नारों के साथ पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा भी व्यक्त की।

इसके बाद रात्रि में जीराज सिंह यादव ग्राम पंचायत कुलड़िया फैजुल्लापुर में आयोजित मां भगवती के जागरण कार्यक्रम में पहुंचे। यहां लोधी, मौर्य, सागर, राठौर, कश्यप सहित सर्व समाज के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जागरण में उन्होंने मां भगवती के भजनों का श्रवण किया और क्षेत्र की खुशहाली व समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान एक खास दृश्य तब देखने को मिला जब उपस्थित ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से हाथ उठाकर मां भगवती से प्रार्थना की कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीराज सिंह यादव को समाजवादी पार्टी से टिकट मिले। यह समर्थन उनके बढ़ते जनाधार और क्षेत्र में उनकी स्वीकार्यता को दर्शाता है।

जागरण स्थल पर जीराज सिंह यादव ने कहा कि वे हमेशा क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं और आगे भी जनता की सेवा को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियां गरीब, किसान, नौजवान और पिछड़े वर्गों के हित में हैं, और वे इन्हीं विचारों को लेकर जनता के बीच काम कर रहे हैं।

उन्होंने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो स्नेह और समर्थन उन्हें मिल रहा है, वह उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अगर पार्टी उन्हें अवसर देती है, तो वे आंवला क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों को नई दिशा देंगे।

इन आयोजनों के माध्यम से जहां एक ओर सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द का संदेश गया, वहीं दूसरी ओर जीराज सिंह यादव की राजनीतिक सक्रियता और जनसमर्थन ने आगामी चुनावों की आहट भी साफ कर दी है।





