झारखण्ड

भारत घूमने आई स्पेन की लड़की से गैंगरेप, तीन गिरफ्तार, पढ़ें पूरा मामला

Share now

दुमका। झारखंड के दुमका जिले में स्पेन की एक महिला से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस घटना के संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह घटना राज्य की राजधानी रांची से करीब 300 किलोमीटर दूर हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरुमाहाट में शुक्रवार रात तब हुई जब स्पेन का एक पर्यटक जोड़ा एक अस्थायी टेंट में रात्रि विश्राम कर रहा था। यह युगल दुपहिया वाहन से बांग्लादेश से दुमका पहुंचा और वह बिहार से होते हुए नेपाल जाना चाहता था। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार खुद गत रात घटनास्थल पर गए और वहां डेरा डाले हुए हैं। जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया है।” उन्होंने कहा, ‘‘घटना के संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाएगा। सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” अधिकारी ने बताया कि पीड़िता को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपमहानिरीक्षक, संथाल परगना, संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक घटना की जांच कर रहे हैं। कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैंने पुलिस अधीक्षक से इस संबंध में मीडिया को बयान देने को कहा है।” इस बीच, एक अन्य अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि इस घटना में सात से आठ स्थानीय युवक शामिल थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया है। यह कथित अपराध उस दिन हुआ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने झारखंड दौरे के दौरान राज्य में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और जबरन वसूली को लेकर गंभीर चिंता जताई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *