लखनऊ, 10 सितम्बर। पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल-इंडिया (पीएसआई-इंडिया) को देश की पहली हैपिएस्ट प्लेस टू वर्क (काम करने के लिए सबसे सुखद स्थान) वाली प्रमाणित स्वयंसेवी संस्था बनने का गौरव हासिल हुआ है। हैपीनेस रिसर्च एकेडमी प्राइवेट लिमिटेड ने संस्था को यह प्रमाणपत्र प्रदान किया है। कर्मचारियों से बातचीत, फीडबैक और संतुष्टि की तकनीक के आधार पर यह उपलब्धि जुलाई 2024 से जुलाई 2025 के लिए हासिल की गयी है। यह प्रमाणपत्र कर्मचारी कल्याण और सकारात्मक कार्यस्थल संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह जानकारी पीएसआई-इंडिया के एक्जेक्युटिव डायरेक्टर मुकेश कुमार शर्मा ने दी।
मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि आज यह बहुत ही गर्व का पल है कि पीएसआई-इंडिया अब एक प्रमाणित “काम करने के लिए सबसे सुखद स्थान” (हैपिएस्ट प्लेस टू वर्क) वाली संस्था बन गयी है। इसके साथ ही यह सम्मान प्राप्त करने वाली देश की पहली स्वयंसेवी संस्था भी बन गयी है। उनका कहना है कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि एक खुशहाल दुनिया बनाने की हमारी यात्रा का एक अहम हिस्सा है। हम भरोसा दिलाते हैं कि संस्था इस दिशा में निरंतर आगे बढ़ते हुए देश को खुशहाली के रास्ते पर ले जाने का कार्य करती रहेगी। उन्होंने बताया कि संस्था कर्मचारियों को एक पारिवारिक माहौल प्रदान करने के साथ ही उनकी सुख-सुविधाओं और सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखती है। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि देश में अभी हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों के दौरान संस्था ने अपने उन कर्मचारियों के मताधिकार का पूरा ख्याल रखा जो अपने मतदान स्थल से दूर अन्य जिलों में कार्यरत थे।






