यूपी

फरीदपुर से समाजवादी पीडीए जनचेतना पदयात्रा का आगाज, चंद्रसेन सागर के रथ ने खींचा लोगों का ध्यान, शुभलेश यादव ने जनता से की सपा सरकार बनाने की अपील, चंद्रसेन सागर ने दिया नारा- ऊपर अखिलेश, नीचे शुभलेश

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली

समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेशभर में पीडीए की आवाज बुलंद करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव स्मृति पीडीए जनचेतना पदयात्रा का रविवार को बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा सीट से आगाज किया गया। पदयात्रा में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के समर्थन में नारेबाजी हुई और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।

पदयात्रा में सपा के जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव, फरीदपुर विधानसभा सीट से पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार चंद्रसेन सागर, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान चंद्रसेन सागर की ओर से तैयार कराया गया समाजवादी संदेश यात्रा रथ आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। रथ के माध्यम से समाजवादी पार्टी की विचारधारा, नीतियों और संदेश को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने तथा प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों, किसानों, नौजवानों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की आवाज उठाती रही है। पीडीए की एकजुटता ही प्रदेश की राजनीति में बदलाव का आधार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और गली-गली जाकर पार्टी की नीतियों और विचारों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।

वहीं, फरीदपुर विधानसभा सीट से सपा के टिकट के प्रबल दावेदार चंद्रसेन सागर ने अपने संबोधन में राजनीतिक अंदाज में नारा देते हुए कहा, ‘ऊपर अखिलेश, नीचे शुभलेश।’ उनके इस नारे ने कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। इस नारे के जरिए उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व और जिले में शुभलेश यादव की संगठनात्मक भूमिका को रेखांकित करने का प्रयास किया। उनके इस अंदाज को कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ लिया।

पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी समेत अन्य नेताओं ने भी पदयात्रा में सहभागिता कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके संघर्ष, सामाजिक न्याय और समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाने की राजनीति को आगे बढ़ाना ही इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।

गौरतलब है कि महानगर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के नेतृत्व में 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक शहर एवं कैंट विधानसभा क्षेत्रों में श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव स्मृति पीडीए जनचेतना पदयात्रा का कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा प्रतिदिन दोपहर दो बजे शुरू होगी। इसमें समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों, पार्षदों, विधानसभा अध्यक्षों और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों की भागीदारी अनिवार्य रखी गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत 23 नवंबर को समाजवादी पार्टी कार्यालय से कुतुबखाना घंटाघर, 24 नवंबर को तिलक इंटर कॉलेज से कुतुबखाना होते हुए श्री महेंद्र विक्रम सिंह के प्रतिष्ठान श्यामगंज चौराहा, 25 नवंबर को मढ़ीनाथ पुलिया से सिठौरा और 26 नवंबर को सुभाषनगर पुलिया से बाजार स्विट्स होते हुए 84 घंटा मंदिर बदायूं रोड तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा 28 नवंबर से 6 दिसंबर तक शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न इलाकों में भी पदयात्रा का कार्यक्रम तय किया गया है।

समाजवादी पार्टी इस अभियान के जरिए पीडीए के सामाजिक और राजनीतिक संदेश को जनता के बीच पहुंचाने के साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की तैयारी में है। आगामी विधानसभा चुनाव की पृष्ठभूमि में इस पदयात्रा को पार्टी की राजनीतिक सक्रियता और जनसंपर्क अभियान के रूप में भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *