झारखण्ड

कोर्ट के आदेश पर कथारा जीएम कार्यालय सील

बोकारो थर्मल। रामचंद्र कुमार अंजाना
तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के सिविल जज (सीनियर डिवीजन ) ने मेसर्स नवजीवन ट्रेडिंग कंपनी की ओर से दायर एक मामले में देनदारी की रकम नहीं चुकाने पर सीसीएल के कथारा जीएम कार्यालय को बुधवार को सील कर दिया। कोर्ट के आदेश पर कार्यालय के करीब 200 कर्मियों को बाहर निकाल कर कार्यालय को सील किया गया। सिविल जज के पेशकार शैलेंद्र कुमार एवं नाजीर सुरेंद्र नाथ सिंह ने कोर्ट के आदेश को अमलीजामा पहनाया।
जारी आदेश में कथारा जीएम ऑफिस के अलावा जारंगडीह कोलियरी को भी सील करने का फरमान है।
आदेश में उल्लेखित है कि सीसीएल ने वर्ष 2004 में मेसर्स नवजीवन ट्रेडिंग कंपनी के मालिक गोपाल नारायण सिंह की बकाया राशि 472200.67 रुपये का भुगतान नहीं किया। यह राशि अब सूद सहित 1134824.17 रुपये हो गई है। उक्त राशि की अदायगी के लिए कोर्ट ने जीएम कार्यालय और जारंगडीह कोलियरी को अटैच करने का निर्णय सुनाया। कोर्ट की उक्त कार्रवाई के बाद कथारा जीएम ऑफिस में खलबली मच गई है। कोर्ट की उक्त कार्रवाई के दौरान जीएम बीके सिंह को भी अपने चैंबर से बाहर निकलना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *