पंजाब

चन्नन नगर की अवैध कॉलोनी में निगम कमिश्नर की मिलीभगत से जोड़ा जा रहा सरकारी सीवरेज : प्रदीप सिंह राय

Share now

नीरज सिसौदिया, जालंधर
चन्नन नगर और न्यू जल्लोवाल आबादी की अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप सिंह राय ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. अवैध कॉलोनी और अवैध निर्माण की पोल खोलने की कड़ी में एक और खुलासा किया है. उन्होंने निगम कमिश्नर दीपर्व लाकड़ा पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा है कि चन्नन नगर की अवैध कॉलोनी में कमिश्नर की मिलीभगत से सरकारी सीवरेज बिना सीवरेज शेयरिंग चार्ज के जोड़ा जा रहा है. यहां तक की सड़कें भी सरकारी खर्चे से बनाई जा रही हैं. यह सब भाजपा पार्षद को लाभ पहुंचाने के लिए निगम कमिश्नर कर रहे हैं. इस अवैध निर्माण को करवाने वाले इंस्पेक्टर को तो सरकार ने सस्पेंड कर दिया है लेकिन अवैध निर्माण के खिलाफ कोई कार्रवाई निगम कमिश्नर ने अब तक नहीं की है.

चन्नन नगर की अवैध कॉलोनी में अवैध रूप से डाला गया सीवरेज.

उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनी और अवैध निर्माण को संरक्षण देकर भाजपा पार्षद चुनाव आचार संहिता का भी खुला उल्लंघन कर रहा है. लोगों के अवैध कार्यों की पैरवी कर वह चुनाव में अकाली भाजपा गठबंधन प्रत्याशी को वोट दिलाना चाहता है.

न्यू जल्लोवाल आबादी में अवैध कॉलोनी में बनाई गई अवैध कोठियां

इस तरह से चुनाव में वोटरों को प्रभावित किया जा रहा है और चुनाव आयोग भी इसके खिलाफ कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है. उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत हम जिला निर्वाचन अधिकारी से करेंगे. प्रदीप सिंह राय ने चेतावनी दी है कि अगर निगम कमिश्नर ने जल्द इसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो वह माननीय हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *