पंजाब

रिश्वत लेकर दो साल से अवैध रूप से चल रहे जोशी हास्पिटल की फाइल दबाकर बैठ गए हैं निगम के अफसर, मेयर करें कार्रवाई : रविंदरपाल सिंह चड्ढा

नीरज सिसौदिया, जालंधर
कपूरथला चौक पर स्थित अवैध रूप से संचालित किए जा रहे जोशी अस्पताल के खिलाफ आरटीआई एक्टिविस्ट रविंदरपाल सिंह चड्ढा ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है. चड्ढा ने अवैध रूप से चल रहे जोशी अस्पताल के साथ ही इसे संरक्षण देने वाले रिश्वतखोर अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है.
चड्ढा ने कहा कि जोशी हास्पिटल की दो मंजिलें अवैध रूप से तैयार की गई हैं. साथ ही अस्पताल संचालक ने हाउसलाइन भी कवर कर ली है. इसके बावजूद निगम अधिकारी अस्पताल के खिलाफ कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं हैं. भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे निगम अधिकारियों को नियम और कानून से कोई लेना देना नहीं है. अब मेयर जगदीश राज राजा को इस दिशा में कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि लगभग दो साल पहले उन्होंने इसकी शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की थी लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर निगम के भ्रष्ट अधिकारियों ने जोशी अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो वह हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और भ्रष्टाचारी अधिकारियों को सजा दिलवाएंगे.

पेशी पर हाईकोर्ट गए बिल्डिंग ब्रांच और ड्रॉइंग ब्रांच के अधिकारी 

नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच और ड्रॉइंग ब्रांच के अधिकारी आज चंडीगढ़ में हाईकोर्ट में पेशी पर गए हैं. बता दें कि आरटीआई एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह ने लगभग तीन सौ अवैध बिल्डिंगों के खिलाफ जनहित याचिका माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में दायर की हुई है. इसी को लेकर सुनवाई है. पिछले कुछ दिनों से निगम की बिल्डिंग ब्रांच इन्हीं बिल्डिंगों के खिलाफ कार्रवाई करने में जुटी थी ताकि हाईकोर्ट में रिपोर्ट जमा करा सकें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *