यूपी

पति के बाद पत्नी की भी संगम तट पर चादर में लिपटी मिली लाश

Share now

अमित पाठक, प्रयागराज 

शिवकुटी थाना क्षेत्र में दंपती हत्‍याकांड में पुलिस ने पति-पत्‍नी का शव ढूंढने में ऐड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। पति मोहम्‍मद इरफान का शव बरामद होने के बाद शनिवार को पत्‍नी हुस्‍ना का भी शव मिल गया है। हुस्‍ना की लाश संगम घाट के निकट चादर में बंधी मिली। पुलिस ने शव कब्‍जे में ले लिया है।
प्रयागराज संगम घाट के पास शनिवार की दोपहर चादर में लपेटा हुआ कुछ था। पहले तो लोगों ने इस पर ध्‍यान नहीं दिया। जब शक हुआ तो वहां लोग जुट गए। इसी बीच सूचना पाकर वहां दारागंज थाने की पुलिस पहुंची। रस्‍सी से बंधे चादर को हटाया गया तो महिला का शव मिला। पुलिस को शक हुआ कि कहीं यह दंपती हत्‍याकांड की हुस्ना बेगम की लाश तो नहीं। हुस्‍ना के शव मिलने की सूचना पर शिवकुटी थाने की पुलिस भी पहुंच गई। फोटो मिलान कराने पर हुस्‍ना के शव की पुष्टि हुई। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि लाश को चादर से लपेटा गया था और रस्सी से बांधा गया था। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। वहां हुस्ना के भाई व अन्य लोग पहुंच रहे हैं। एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि हुस्ना की लाश बरामद कर ली गई है।
शिवकुटी थाना क्षेत्र के मेंहदौरी कालोनी निवासी मोहम्मद इरफान और उनकी बीवी हुस्ना बेगम की हत्या भतीजों ने की थी। कत्ल के बाद इरफान का शव करेली के जंगल और हुस्ना की लाश को यमुना नदी में फेंक दिया गया था। डबल मर्डर केस के मामले में पुलिस जांच कर रही है। करेली के जंगल में क्षत-विक्षत अवस्था में मो. इरफान की लाश मिली थी। वहीं यमुना के अरैल व दूसरे घाटों पर इरफान की बीवी हुस्ना बेगम के शव की तलाश पुलिस कर रही थी। शिवकुटी पुलिस गोताखोर व जल पुलिस की मदद से कई घंटे तक खोजबीन में जुटी रही लेकिन कुछ पता नहीं चल सका था।

हत्याकांड में आरोपित इरफान के बड़े भाई रिजवान और उसके चारों बेटों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। शिवकुटी थाना क्षेत्र के मेंहदौरी कॉलोनी में रहने वाले हाजी मो. इरफान और उनकी बीवी हुस्ना बेगम रहती थीं। उनकी कोई औलाद नहीं थी। ऐसे में बड़े भाई ने उनकी संपत्ति हड़पने के लिए हत्या की योजना तैयार की, जिसके बाद बेटों ने कत्ल करके इरफान को जंगल व हुस्ना के शव यमुना में फेंक दिया था।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *