देश

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कोरोना पॉजिटिव, मेदांता में भर्ती, लालू यादव के घर भी पहुंचा कोरोना, पढ़ें कोरोना की दिनभर की खबरें…

Share now

नई दिल्ली, एजेंसी
कोरोना का कहर देशभर में बढ़ता जा रहा है। रविवार को उत्तर प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की कोरोना से मौत हो गई। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शाह को डॉक्टर्स की सलाह पर मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने खुद भी अपने ट्विटर हैंडल पर इसकी पुष्टि की है। वहीं, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर भी कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। राबड़ी आवास पर तैनात 13 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस जानकारी के बाद राबड़ी देवी और उनके परिवार पर संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पटना के 10, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पर रहती हैं। यहां उनके साथ बेटे तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव भी रहते हैं।
कोरोना से जूझ रहीं उत्तर प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी ने रविवार सुबह करीब नौ बजे दम तोड़ दिया। कमल रानी कानपुर के घाटमपुर सीट से विधायक भी थी। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। साथ ही अयोध्या दौरा भी रद कर दिया है। सीएम के अलावा कुछ अन्य मंत्रियों ने भी अपने कार्यक्रम रद कर दिए हैं। बता दें कि कमलरानी 18 जुलाई को कोरोना पॉजीटिव पाई गई थीं। इसके बाद उन्हें पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया था। कमल रानी को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी जिसकी वजह से उन्हें आईसीयू में रखा गया था। डॉक्टरों के मुताबिक कमल रानी को डायबिटीज, हाइपरटेंशन व थायराइड की भी समस्या थी। उनका ऑक्सीजन लेवल काफी कम हो गया था।
मुख्यमंत्री आज तैयारियों का जायजा लेने के लिए अयोध्या जाने वाले थे लेकिन उन्होंने अपना दौरा रद कर दिया है। सीएमएस डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि उन्हें सीवियर कोविड-19 निमोनिया हो गया था। इस वजह से वह एक्यूट रेस्पिरेट्री डिस्ट्रेस सिंड्रोम में चली गई थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
कमल रानी ने समाजशास्त्र से परास्नातक किया। वह भाजपा प्रत्याशी के रूप में उप्र के घाटमपुर निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधायक बनीं थीं। दो बार कानपुर शहर से पार्षद रहीं। 1996 में घाटमपुर स लोकसभा सदस्य भी रह चुकी हैं। 2015 में उनके पति की मृत्यु हो गई थी।
कोरोना के खिलाफ लड़ाई को मॉनिटर कर रहे हैं शाह
देश में कोविड-19 आउटब्रेक की शुरुआत से ही शाह लगातार मॉनिटरिंग में लगे थे। राजधानी दिल्‍ली की स्थिति को उन्‍होंने पर्सनली मॉनिटर किया। वह गृह और स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के अधिकारियों संग बैठक कर कोविड-19 की ताजा स्थिति पर अपडेट लेते थे। लॉकडाउन के बाद देश में अनलॉक की प्रक्रिया को लेकर गाइडलाइंस तैयार करवाने में भी शाह की अहम भूमिका रही है।
24 घंटे में 54,736 नए मामले, 853 लोगों की मौत
नई दिल्ली। लाख कोशिशों के बावजूद देश में कोरोना वायरस का संक्रमण काबू में नहीं आ रहा है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 54,736 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 853 लोगों की मौत हुई है। अब तक संक्रमित लोगों की कुल संख्या 17,50,724 हो गई है। इसमें 5,67,730 एक्टिव मामले हैं जबकि 11,45,630 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में कोविड19 से अब तक 37,364 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित कई राज्यों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
दिल्ली का रिकवरी रेट 90 फीसदी के करीब
शनिवार को दिल्ली में 1198 मरीज आए और 1201 ठीक हुए। दिल्ली का रिकवरी रेट 90% के करीब पहुंच गया है। फिलहाल दिल्ली में 10705 कोरोना ऐक्टव केस हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि किस हिसाब से कोरोना केस घटे हैं और ठीक होने का प्रतिशत सुधर रहा है। सितंबर तक यहां सिर्फ 1 हजार एक्टिव मरीज बचेंगे। अगर ऐसा रहा तो यह बहुत राहत की बात होगी। दिल्ली में अबतक 90 प्रतिशत यानी 1,22,131 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *