यूपी

रक्षाबंधन पर मायके आई थी युवती, प्रेमी ने की गोली मारकर हत्या

अलीगढ़। अलीगढ़ के थाना गांधी पार्क इलाके के नगला माली में एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवती रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने मयके आई थी। रात को घर की छत पर सोते समय उसकी कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि वो जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ लेगी।
परिजनों का कहना है कि आरती का पड़ोस में ही रहने वाले कौशल नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था लेकिन तीन जुलाई को युवती के परिजनों ने उसकी शादी बुलंदशहर निवासी विशाल से कर दी थी। इस बात से नाराज होकर कौशल ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।
मृतक की बहन वंदना ने बताया कि इस शादी से नाराज कौशल ने उसकी बहन आरती को यह कहते हुए धमकी दी थी कि अगर तुम्हारी शादी मुझसे नहीं हुई तो मैं किसी और की भी नहीं होने दूंगा। शादी के बाद हाल ही में आरती और वंदना अपने ससुराल से मायके नगला माली रक्षाबंधन त्योहार के चलते आईं थी।
घटना की सूचना के बाद मौके पर इलाके पुलिस समेत आला अधिकारी भी पहुंचे। डीएसपी पंकज श्रीवास्तव के मुताबिक घटना के संबंध में परिवारीजनों द्वारा दी गई तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *