नीरज सिसौदिया, होशियारपुर
नेशनल रूरल हेल्थ मिशन के कर्मचारियों में पंजाब सरकार के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है. उन्होंने केंद्रीय मंत्री से गुहार लगाते हुए मांगें पूरी करने के लिए प्रयास करने की अपील की है.
आज एन.आर.एच.एम कर्मचारी यूनियन, पंजाब के होशियारपुर जिला प्रधान तरविन्दर की अध्यक्षता में यूनियन द्वारा अपनी मांगों सम्बन्धी मांग पत्र केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मन्त्री सोमप्रकाश के होशियारपुर कार्यालय में दिया गया।
मांगपत्र में उन्होंने कहा है कि लंबे समय से उनके लगभग 10,000 कर्मचारियों को पक्का करने के लिए पंजाब सरकार से संघर्ष चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा बराबर काम, बराबर तनख्वाह संबंधी निर्देश की पालना न कर पंजाब सरकार द्वारा उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जा रहा है. कोरोना काल में उनके द्वारा कठिन परिस्थितियों में सेवा दी जा रही है। उनके अनेक साथी कोरोना संक्रमित भी हुए हैं। हरियाणा आदि पड़ोसी राज्यों में उनके साथ भर्ती हुए कर्मचारियों को पक्का किया जा चुका है लेकिन पंजाब सरकार उन्हें पक्का नहीं कर रही है. उन्होंने केंद्रीय मन्त्री से अपने साथ हो रहे भेदभाव को पंजाब सरकार से बात कर दूर करवाने की प्रार्थना की है।