नीरज सिसौदिया, बरेली
जहां अब तक कूड़ा घर था, वहां अब गुलाब की कलियां खिलखिलाएंगी। जिस जगह से कभी 24 घंटे दुर्गंध उठा करती थी, अब वह इलाका फूलों की खुशबू बिखेरेगा। यह सब संभव हो सका है पूर्व उपसभापति और भाजपा पार्षद अतुल कपूर के प्रयास और महापौर डा. उमेश गौतम की मेहरबानी से। जी हां, अब वार्ड 77 के सीताराम कूचा स्थित कूड़ा घर की दुर्गंध न तो लोगों को बीमार करेगी और न ही परेशान करेगी। अतुल कपूर के प्रयासों से मेयर डा. उमेश गौतम ने इस कूड़ा घर को स्थाई रूप से हटवा दिया है। साथ ही इस स्थान पर पार्क विकसित करने का ऐलान भी किया है।
बता दें कि उक्त स्थान पर वर्षों से कूड़ा घर स्थित था। जिसके कारण यहां से होकर गुजरने वाले लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। यहां आसपास के लोगों का तो जीना ही दूभर हो गया था। स्थानीय लोग वर्षों से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग कर रहे थे लेकिन न तो पूर्व पार्षदों ने उनकी बात सुनी और न ही पूर्व मेयर ने उ
नकी समस्या के समाधान में दिलचस्पी दिखाई।
जब अतुल कपूर पार्षद बने तो उन्होंने जनता की समस्या को गंभीरता से लिया और कूड़ा घर हटाने के प्रयास शुरू किए।
मामला जब मेयर डा. उमेश गौतम के पास पहुंचा तो उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए इस समस्या का स्थाई समाधान करने का निर्णय लिया। इसके बाद इस दिशा में तेजी से कार्य किया ताकि यहां पड़ने वाले कूड़े के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जा सके और कूड़ा घर भी स्थाई रूप से हटाया जा सके। अंतत: मेयर और अतुल कपूर का प्रयास रंग लाया और आज वर्षों पुरानी इस समस्या का मेयर ने स्थाई समाधान कर दिया। मेयर ने ऐलान किया है कि इस कूड़ा घर की जगह एक खूबसूरत पार्क विकसित किया जाएगा जो रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू से महकता रहेगा। मेयर ने भरोसा दिलाया कि वह आगे भी जनता की समस्याओं का ऐसे ही समाधान करते रहेंगे।
नए साल पर मिले इस तोहफे से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। उन्होंने इस सराहनीय कार्य के लिए मेयर डा. उमेश गौतम और पूर्व उपसभापति अतुल कपूर का शुक्रिया अदा किया है।