एजेंसी, भोपाल
जो आंखें शादी के सपने बुन रही थीं आज उन आंखों से आंसुओं की बरसात हो रही है। हवस के भेड़िये ने एक मासूम युवती को अगवा कर एक बार नहीं बल्कि 21 दिन तक हर रोज दुराचार किया। पीड़िता ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है। मामले के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुख्य आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
दरअसल मध्य प्रदेश के सिंगरौली की रहने वाली 21 वर्षीय एक युवती के परिजनों की ओर से पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई है कि 27 जनवरी को उनकी बेटी को अगवा कर लिया गया है। 30 जनवरी को उसकी शादी होने वाली थी। इस शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी थी। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन की लोकेशन को ट्रेस करते हुए पुलिस बालाघाट तक जा पहुंची। इस दौरान की गई छानबीन में जंगल से अगवा की गई युवती पुलिस को वहां से मिल गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी धर्मेंद्र गुप्ता को मौके से गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुख्य आरोपी कोमल गुप्ता मौके से फरार होने में कामयाब रहा है। पुलिस के मुताबिक 27 जनवरी को युवती शौच क्रिया के बाद घर लौट रही थी, उसी समय कबाड़ का कारोबार करने वाला धर्मेंद्र गुप्ता जंगल से युवती को जबरिया अपनी कार में बैठाकर उसे साथ लेकर जयपुर चला गया। अगवा करने की वारदात के दौरान उसके साथ मुख्य आरोपी कोमल गुप्ता भी था। जबलपुर के बाद आरोपी युवती को बालाघाट ले गए। जहां उन्होंने 21 दिनों तक युवती को एक कमरे में कैद रखकर उसके साथ दुराचार किया। यह बात युवती ने पुलिस को दिये अपने बयान में भी दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी कोमल गुप्ता भारतीय जनता पार्टी के सरई मंडल का अध्यक्ष भी है।

शादी से तीन दिन पहले युवती को अगवा कर किया रेप, एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष की तलाश में जुटी पुलिस, पढ़ें पूरा मामला




