यूपी

एमएलसी चुनाव : दो भाजपा पार्षद भी दमदारी से कर रहे दावेदारी, जानिये कौन हैं?

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली
बरेली – रामपुर स्थानीय निकाय क्षेत्र एमएलसी चुनाव की सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। भाजपा में टिकट के दावेदारों की लंबी लाइन देखने को मिल रही है। इनमें बरेली नगर निगम के दो पार्षद इन दिनों चर्चा में हैं। दोनों ही पार्षदों का राजनीतिक सफर काफी लंबा है और दोनों ही कभी भी नगर निगम का कोई भी चुनाव नहीं हारे हैं। भाजपा में इन दोनों पार्षदों की दावेदारी इसलिए भी दमदार मानी जा रही है क्योंकि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्षद को टिकट नहीं दिया जबकि विरोधी दल सपा ने पार्षद राजेश अग्रवाल को शहर विधानसभा सीट से जबकि कांग्रेस ने पार्षद पति हाजी इस्लाम बब्बू को कैंट विधानसभा सीट से मैदान में उतारा था जबकि भाजपा से शहर विधानसभा सीट से टिकट के प्रबल दावेदार पार्षद एवं पूर्व उपसभापति अतुल कपूर को टिकट नहीं दिया था। ऐसे में भाजपा पार्षद अब एमएलसी के टिकट की कतार में खड़े नजर आ रहे हैं। इन पार्षदों में विकास शर्मा और सतीश चंद्र सक्सेना कातिब उर्फ मम्मा शामिल हैं। मम्मा और उनकी पत्नी वर्ष 1989 से लगातार पार्षद बनते आ रहे हैं। सिर्फ वर्ष 2012 से 2017 तक की अवधि को छोड़ दें तो मम्मा या उनकी पत्नी हमेशा पार्षद बने हैं। वे बरेली विकास प्राधिकरण के सदस्य भी हैं।
वहीं, विकास शर्मा पांच बार से लगातार पार्षद बनते आ रहे हैं। दो बार उनके पिता भी पार्षद रहे यानि सात बार पार्षद का पद लगातार उनके परिवार के पास ही रहा है। विकास शर्मा छात्र जीवन से ही भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की थी। अपने राजनीतिक सफर में उन्होंने संगठन में विभिन्न पदों पर अहम जिम्मेदारियां निभाईं। अब वह अपने करियर को एक नए मुकाम पर ले जाना चाहते हैं इसलिए एमएलसी चुनाव में टिकट को लेकर पुरजोर तरीके से दावेदारी कर रहे हैं। पूरे राजनीतिक करियर में विकास शर्मा की छवि बेदाग रही है। पेशे से शिक्षक विकास शर्मा के संगठन के प्रति समर्पण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने कभी भी भाजपा का दामन नहीं छोड़ा। वह वर्षों से पार्टी की सेवा करते आ रहे हैं फिर चाहे प्रदेश में सत्ता किसी की भी रही हो।
बहरहाल, उक्त दोनों ही पार्षद सियासी गलियारों में चर्चा के केंद्र में हैं। पार्टी किसकी दावेदारी को उम्मीदवारी में बदलेगी, इसके लिए फिलहाल थोड़ा इंतजार करना होगा। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *