नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉक्टर अनीस बेग गरीबों और जरूरतमंदों के मसीहा यूं ही नहीं कहे जाते हैं, समय-समय पर उनके आयोजन खुद इसकी गवाही देते हैं। ऐसा ही एक यादगार कार्यक्रम समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्म दिन के अवसर पर बरेली में देखने को मिला। यूं तो पूरे बरेली जिले में सपा नेताओं ने पार्टी प्रमुख का जन्म दिन मनाया लेकिन अनीस बेग ने एक ऐसा आयोजन किया जिसने कई जरूरतमंदों की जिंदगी ही बदल दी। ये जरूरतमंद अपने पैरों पर खड़े नहीं हो सकते हैं लेकिन डॉक्टर अनीस बेग ने ट्राई साइकिल भेंटकर उनके बेजान पैरों को रफ्तार देने का काम किया ताकि ये जरूरतमंद जब-जब उस ट्राई साइकिल पर बैठेंगे तो एक बार जरूर याद करेंगे कि उनके बेजान कदमों को ये रफ्तार सपा के मुखिया अखिलेश यादव और डॉक्टर अनीस बेग की वजह से मिली है।
डॉक्टर अनीस बेग ने इस अवसर पर शरबत वितरण का आयोजन भी किया जिसमें पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, जिला अध्यक्ष शिवचरन कश्यप सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग भी शामिल हुए और शरबत वितरित किया। इसके साथ ही केक भी काटा गया और डॉक्टर अनीस बेग ने हर आम-ओ-खास का मुंह मीठा कराया। सैकड़ों समाजवादी और स्थानीय लोग इस भव्य आयोजन के गवाह बने। सबने मिलकर अखिलेश यादव के दीर्घायु होने की कामना की और वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रकृति की सुंदरता को बढ़ाने और पर्यावरण को शुद्ध बनाने के उद्देश्य से पौधरोपण भी किया गया।
पूर्व सांसद वीरपाल यादव ने जन्मदिन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हम राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के जन्मदिन को एकता दिवस के रूप में मनाएंगे, जैसे लोगों में आज एकता देखने को मिली है उसी तरह आगामी चुनाव में भी एकता दिखाएंगे। जिला अध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने कहा कि हम राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्म दिवस पर संकल्प लेते हैं कि हम पार्टी को भरी मतों से जिताएंगे।
कैंट विधानसभा क्षेत्र से सपा के टिकट के प्रबल दावेदार अनीस बेग के भव्य आयोजन की धूम पूरे जिले में रही।
डॉ. अनीस बेग ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा कमजोर और वंचित वर्गों के साथ खड़ी रही है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में गरीबों, किसानों और युवाओं के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। यह कार्यक्रम केवल जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने का प्रयास भी है। उन्होंने सभी लोगों से समाजवादी विचारधारा को अपनाने और मानवता की सेवा में आगे आने की अपील की।
समारोह में फूल-मालाओं से सजावट की गई और जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए गए थे। बच्चों और बुजुर्गों में भी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष शमीम खान सुल्तानी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख आदेश यादव (गुड्डू ), महिला मोर्चा अध्यक्ष स्मिता यादव, सुरेंद्र सोनकर, अशोक यादव, बृजेश श्रीवास्तव, द्रोण कश्यप, ऋषि यादव, राम सेवक प्रजापति, जितेंद्र मुंडे, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रोहित राजपूत, जमुना प्रसाद मौर्य, विधानसभा प्रभारी राजेश मौर्य आदि लोगों के साथ भारी संख्या में डॉक्टर भी शामिल हुए।
इसके साथ ही डॉक्टर्स डे भी मनाया गया। इसमें डॉ. फ़हमी खान, डॉ. अरशद रजा, डॉ. जावेद, डॉ. चिश्ती, आदि लोगों ने भाग लिया।