नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी का “चाय पर चर्चा” अभियान अब बरेली महानगर की सियासत में गर्माहट पैदा कर रहा है। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी लगातार महानगर के दिग्गज नेताओं और प्रमुख कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनसे मुलाकात कर रहे हैं। इन मुलाकातों में न सिर्फ चाय की चुस्कियों के साथ सियासी चर्चा हो रही है, बल्कि महानगर स्तर पर संगठन की मजबूती और भविष्य की रणनीति पर भी गहन विमर्श किया जा रहा है। इस पूरे अभियान में कैंट विधानसभा प्रभारी और महानगर उपाध्यक्ष राजेश मौर्य भी सक्रिय रूप से शमीम खां सुल्तानी का साथ दे रहे हैं।

“चाय पर चर्चा” अभियान की शुरुआत पार्षद सनी मिर्ज़ा के घर से हुई। यहां शमीम खां सुल्तानी के साथ महानगर सचिव नाजिम कुरैशी, हरिओम प्रजापति, अनुज मौर्य, अशफाक चौधरी, महानगर सचिव मोहम्मद वसीम एडवोकेट, पूर्व पार्षद मौलाना अनीश सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके बाद सपा महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी अपने साथियों के साथ मुकेश मिश्रा के घर पहुंचे। यहां भी आगामी चुनावी समीकरणों और कैंट विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा हुई। इस मौके पर राजेश मौर्य, सम्राट अनुज मौर्य और डॉ. चांद भी मौजूद रहे।

सपा का अगला पड़ाव रहा पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक भगवत शरण गंगवार का आवास। गंगवार सपा के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं। इस मौके पर शमीम खां सुल्तानी और उनकी टीम ने संगठन को मजबूत करने के उपायों पर बात की और आने वाले समय में महानगर की सियासत में सक्रिय भागीदारी पर सहमति जताई।

इसके बाद काफिला पूर्व जिला अध्यक्ष लोहिया वाहिनी मोहसिन खान के घर पहुंचा। यहां पर शमीम खां सुल्तानी, जमुना प्रसाद मौर्य, अनुज मौर्य और डॉ. चांद सहित कई नेताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों और युवा कार्यकर्ताओं को जोड़ने की रणनीति पर विचार किया।

इसके अलावा एक जगह चाय पर चर्चा कार्यक्रम में भोजीपुरा के वर्तमान विधायक और पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम भी उपस्थित रहे। इस दौरान शमीम खां सुल्तानी ने विधायक से लंबी चर्चा की और महानगर संगठन को और सक्रिय बनाने पर विचार किया। यहां तनवीर-उर-इस्लाम (जिला उपाध्यक्ष), प्रदेश सचिव शुभलेश यादव, मजदूर सभा के महानगर अध्यक्ष मोहसिन खान, राजेश मौर्य, सम्राट अनुज मौर्य और डॉ. चांद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

यह अभियान इस बात का संकेत है कि शमीम खां सुल्तानी महानगर में सपा संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के लिए पूरी तरह जुटे हुए हैं। वे दिग्गज नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं को एकजुट कर पार्टी को मजबूती देने का प्रयास कर रहे हैं।





