नीरज सिसौदिया, बरेली
पंजाब में बाढ़ से हालात बेहद खराब हो चुके हैं। हजारों परिवार अपने घर-बार से बेघर हो गए हैं और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी उनके लिए बड़ी चुनौती बन गई है। ऐसे कठिन समय में समाजवादी पार्टी के महानगर सचिव महेंद्र सिंह लोधी मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बड़ी मात्रा में राहत सामग्री भेजी है।
महेंद्र सिंह लोधी ने अपनी ओर से 500 चप्पलें, 200 जोड़ी कपड़े, बच्चों के 100 जोड़ी कपड़े, 500 बच्चियों के कपड़े, 500 बच्चों के लिए कॉपियां, पेन, पेंसिल, रबर जैसी स्टेशनरी सामग्री और खाने-पीने के लिए रस व कुरकुरे भिजवाए। उनका कहना है कि ऐसे समय में केवल बड़े लोगों की जरूरत पूरी करना ही काफी नहीं है, बल्कि बच्चों और महिलाओं को भी बराबर राहत पहुंचाना जरूरी है।
राहत सामग्री की सूची देखकर साफ है कि महेंद्र सिंह लोधी ने बच्चों की शिक्षा और उनकी खुशियों का विशेष ख्याल रखा। कॉपी, पेन और पेंसिल भेजने के पीछे उनका उद्देश्य यह है कि बाढ़ प्रभावित बच्चे पढ़ाई से पूरी तरह से कटे नहीं। वहीं, रस और कुरकुरे जैसी चीजें बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास हैं।
खास बात यह रही कि उन्होंने राहत सामग्री में महिलाओं और बच्चियों के कपड़ों को भी शामिल किया। इससे यह संदेश गया कि उनकी प्राथमिकता समाज के हर वर्ग तक मदद पहुंचाना है।
पंजाब में यह राहत सामग्री वहां के स्थानीय कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों की मदद से पीड़ित परिवारों तक पहुंचाई जाएगी। उम्मीद है कि इससे बाढ़ से प्रभावित लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी और वे दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौट पाएंगे।
महेंद्र सिंह लोधी का कहना है कि समाजवादी पार्टी हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश करती है। बाढ़ जैसी आपदा में सरकार का इंतजार करना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि हर नागरिक को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए। उन्होंने अपील की कि ज्यादा से ज्यादा लोग आगे आकर बाढ़ पीड़ितों की मदद करें।

उनकी इस पहल ने यह साबित किया है कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि समाज और मानवता की सेवा करने का माध्यम भी है।





