यूपी

फरीदपुर विधानसभा उपचुनाव की तैयारियां तेज, परसाखेड़ा वेयरहाउस में ईवीएम मशीनों की जांच करने पहुंचे सपा के महानगर सचिव महेंद्र सिंह लोधी राजपूत, कहा-कोई गड़बड़ी नहीं होने देंगे

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली
फरीदपुर के विधायक श्याम बिहारी लाल के निधन के बाद रिक्त हुई विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में परसाखेड़ा स्थित वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की जांच और परीक्षण का कार्य किया गया। इस प्रक्रिया के तहत समाजवादी पार्टी के महानगर सचिव महेन्द्र सिंह राजपूत (लोधी) ने अपने साथी पीताम्बर के साथ वेयरहाउस पहुंचकर ईवीएम की कार्यप्रणाली को जांचा।
ईवीएम जांच की यह प्रक्रिया चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कराई गई, ताकि सभी राजनैतिक दलों और कार्यकर्ताओं को मशीनों की विश्वसनीयता को लेकर कोई संशय न रहे। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि मतदान से पहले सभी ईवीएम को तकनीकी रूप से पूरी तरह जांचा जा रहा है और डेमो वोटिंग के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि मशीनें सही तरीके से कार्य कर रही हैं।
समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के निर्देशन में पार्टी कार्यकर्ता पूरी सतर्कता के साथ चुनावी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं। सपा नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव बेहद जरूरी हैं और ईवीएम की पारदर्शी जांच उसी दिशा में एक अहम कदम है।
महानगर सचिव महेन्द्र सिंह लोधी राजपूत ने ईवीएम परीक्षण के बाद कहा कि चुनाव आयोग द्वारा की जा रही तैयारियां फिलहाल संतोषजनक नजर आ रही हैं। मशीनों की जांच प्रक्रिया से यह भरोसा मजबूत होता है कि आने वाला फरीदपुर विधानसभा उपचुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें, यही लोकतंत्र की असली ताकत है। उपचुनाव की पूरी प्रक्रिया पर पार्टी की करीबी नजर है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी।
इस दौरान वेयरहाउस परिसर में चुनाव से जुड़े अन्य कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी भी मौजूद रहे। लोधी ने बताया कि मतदान से पहले सभी ईवीएम को सील किया जाएगा और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके साथ ही स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा और निगरानी के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
बता दें कि महेंद्र सिंह लोधी राजपूत सपा के जिला अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार भी माने जा रहे हैं। संसद के बजट सत्र के पहले चरण के बाद नए जिला अध्यक्ष की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है। बरेली जिले में लगभग 3 लाख लोधी मतदाता हैं और लोधी समाज की यही ताकत महेंद्र सिंह लोधी राजपूत की असली ताकत बताए जा रहे हैं।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *