नीरज सिसौदिया, बरेली
राजेंद्र नगर स्थित बाबा श्री नीलकंठ मंदिर में इस वर्ष भी डांडिया कार्यक्रम और दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। 19 अक्टूबर 2026 को शाम सात बजे डांडिया कार्यक्रम होगा, जबकि 20 अक्टूबर को दशहरा मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। मंदिर कमेटी की ओर से उन्हें आमंत्रित किया गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

बाबा श्री नीलकंठ मंदिर कमेटी के संरक्षक और वरिष्ठ पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना कातिब उर्फ मम्मा के नेतृत्व में कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने श्रुति गंगवार से मुलाकात कर उन्हें दशहरा मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान कमेटी के सदस्यों ने उनके पति सुबोध सचिन का भी सम्मान किया।


इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष पवन अरोड़ा, महामंत्री तथा मेला अध्यक्ष अनिल गुप्ता, हरिशंकर अग्रवाल, रोहित पाल एडवोकेट, श्याम माथुर, कुलदीप चावला, सुमित चावला, विशाल कपूर, प्रेरणा कपूर, सीमा कपूर और गीता अरोड़ा समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

मंदिर कमेटी के संरक्षक सतीश चंद्र सक्सेना कातिब उर्फ मम्मा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी मंदिर परिसर में डांडिया कार्यक्रम और दशहरा मेले का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजन को लेकर कमेटी के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को एक साथ जुड़ने का अवसर मिलता है।




