यूपी

इंदिरा नगर में जलापूर्ति कार्य में देरी पर नगर आयुक्त सख्त, कार्यदायी संस्था पर पांच लाख रुपये की पेनल्टी, शहर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट के प्रबल दावेदार सतीश चंद्र सक्सेना कातिब उर्फ मम्मा ने उठाया था मुद्दा

Share now

फरवरी 2027 तक काम पूरा करने का अल्टीमेटम, मानकों के अनुरूप कार्य न होने पर भी जताई नाराजगी

नीरज सिसौदिया, बरेली

अमृत निर्मल जल योजना के तहत वार्ड 23 इंदिरा नगर में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति योजना के कार्य में देरी और कई स्थानों पर मानकों के अनुरूप काम नहीं होने पर नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को फटकार लगाते हुए पांच लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के आदेश दिए हैं। साथ ही फरवरी 2027 तक काम पूरा करने की समयसीमा तय की गई है। निर्धारित समय में काम पूरा नहीं होने पर भारी जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी गई है।

बुधवार को वार्ड 23 के पार्षद सतीश चंद्र कातिब मम्मा के इंदिरा नगर स्थित कैंप कार्यालय संख्या 369 पर शाम चार बजे समीक्षा बैठक हुई। इसमें जलकल महाप्रबंधक मनोज कुमार आर्य, अधिशासी अभियंता संजय कुमार, जल निगम के कौशल किशोर, एई प्रदीप कुमार, एम. भसीन, जल निगम के जेई सुमित कुमार, कंस्ट्रक्शन मैनेजर समीर बिश्नोई और सुपरवाइजर नितिन अग्निहोत्री मौजूद रहे। नामित पार्षद राजीव गुप्ता के साथ क्षेत्र के कई नागरिकों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक में कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा के दौरान देरी तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं होने का मुद्दा उठा। नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था के रवैये पर नाराजगी जताते हुए पांच लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के आदेश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लगाए गए दंड की सूचना पीडी को पत्र के माध्यम से भेजने में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा सामने नहीं आनी चाहिए। बैठक में कार्यदायी संस्था के जेई पर अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया गया।

 

समीक्षा के दौरान डी ब्लॉक में पेयजल कनेक्शन सर्विस लेन से देने के निर्देश दिए गए। वार्ड के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इसके लिए निर्धारित मानकों के अनुसार शुल्क तय कर कनेक्शन जारी करने को कहा गया। इसके अलावा क्षेत्र के विद्यालयों, मंदिरों, आयुष्मान केंद्र और पोस्ट ऑफिस को भी पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि फरवरी 2027 तक हर हाल में काम पूरा होना चाहिए। समयसीमा का पालन नहीं करने पर कार्यदायी संस्था पर भारी पेनल्टी लगाई जाएगी। बैठक में पार्षद सतीश चंद्र कातिब मम्मा ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप और समय से पूरा कराने के लिए आवश्यक प्रयास करने पर जोर दिया।

बैठक में क्षेत्रवासी पवन रायजादा एडवोकेट, आशीष शर्मा, हरवेंद्र रहेजा, श्याम माथुर, पुष्कर सक्सेना, अनिल गुप्ता, दिलीप महेंद्रु, डेविड मैसी और राजीव आनंद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *