नीरज सिसौदिया, बरेली
रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर शहर में आयोजित ऐतिहासिक होली मिलाप मेले में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। द हिंदू सोशल सर्विस ट्रस्ट द्वारा शहर के गुलाब राय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में शहर की तमाम राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक हस्तियां शामिल हुईं।

हर वर्ष की तरह इस बार भी यह आयोजन गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक बनकर सामने आया, जहां विभिन्न धर्मों और विचारधाराओं से जुड़े लोग एक-दूसरे से गले मिलते और होली की शुभकामनाएं देते नजर आए।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और बरेली कैंट विधानसभा सीट से पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार डॉ. अनीस बेग की मौजूदगी विशेष रूप से चर्चा का केंद्र रही। डॉ. अनीस बेग ने पूरे कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लोगों के बीच प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी मिलनसार शैली और सभी से आत्मीयता से मिलने का अंदाज लोगों को खासा प्रभावित करता दिखाई दिया।

समारोह के दौरान डॉ. अनीस बेग न सिर्फ समाजवादी पार्टी के कैंप में मौजूद रहे, बल्कि उन्होंने अन्य दलों के कैंपों में भी जाकर नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। वे कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित विभिन्न संगठनों के कैंपों में पहुंचे और सभी से गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं। राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी से आत्मीयता से मिलना उनके समावेशी और सकारात्मक दृष्टिकोण को दर्शाता नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनीस बेग कई प्रमुख नेताओं के साथ भी दिखाई दिए। इस दौरान वे झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, वन राज्य मंत्री अरुण कुमार और बरेली के मेयर उमेश गौतम सहित कई प्रमुख हस्तियों के साथ होली की खुशियां साझा करते नजर आए। सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और गले मिलकर होली की बधाई दी।

वहीं अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भी डॉ. अनीस बेग पूरे समय सक्रिय रहे। उन्होंने समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, वरिष्ठ नेता प्रवीन सिंह ऐरन और भगवत सरन गंगवार सहित अन्य नेताओं से मुलाकात कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भी उनसे मिलकर त्योहार की बधाई देते नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनीस बेग ने कहा कि होली जैसे त्योहार समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द को मजबूत करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि बरेली का यह ऐतिहासिक होली मिलन मेला वर्षों से सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक रहा है और ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं।

डॉ. अनीस बेग ने कहा कि होली के सामूहिक आयोजन और होली मिलाप जैसे कार्यक्रम हमारे देश की असली पहचान हैं। उन्होंने कहा, “मेरा भारत सबसे अच्छा और मेरा देश सबसे प्यारा है, जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई एक-दूसरे की खुशियां मनाते हैं और एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते हैं। हमारा देश एक खूबसूरत गुलदस्ता है और हम सब हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई उस गुलदस्ते की टहनियां हैं। इस गुलदस्ते को सजाने और इसे संभालकर रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है। पार्टी कोई भी हो, लेकिन सबसे पहले हम सब भारतीय हैं।”

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में संवाद और आपसी विश्वास को मजबूत करने का काम करते हैं। जब अलग-अलग विचारधाराओं और समुदायों के लोग एक साथ बैठते हैं, मिलते हैं और त्योहार मनाते हैं, तो इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और आपसी दूरी अपने आप कम हो जाती है।

पूरे आयोजन के दौरान गुलाब राय इंटर कॉलेज मैदान रंगों, संगीत और उत्साह से सराबोर नजर आया। विभिन्न संगठनों द्वारा लगाए गए कैंपों में लोग एक-दूसरे को रंग लगाते, मिठाइयां बांटते और खुशी के इस पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाते दिखाई दिए। राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी और आम नागरिक सभी एक ही मंच पर नजर आए।

कुल मिलाकर यह होली मिलन मेला केवल एक त्योहार का आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक एकता, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक बन गया। इस अवसर पर डॉ. अनीस बेग की सक्रिय मौजूदगी और सभी दलों के नेताओं से उनका मिलन समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा, जिसने यह संदेश दिया कि त्योहारों का असली रंग वही है जो दिलों को जोड़ता है और समाज में प्रेम व सद्भाव को मजबूत बनाता है।





