नीरज सिसौदिया, बरेली
नवोदय हॉस्पिटल के द्वितीय स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में “समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी” मुहिम के तहत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ एसपी क्राइम मनीष सोनकर ने फीता काटकर किया।

अस्पताल के डॉक्टरों एवं स्टाफ ने रक्तदान शिविर को एक उत्सव की तरह मनाते हुए बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में कुल 80 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया, जो अस्पताल के स्टाफ की संख्या को देखते हुए एक सराहनीय एवं उल्लेखनीय उपलब्धि रही।
शिविर की मुख्य आयोजक एवं हॉस्पिटल डायरेक्टर निधि कटियार द्वारा रक्तदाताओं एवं स्टाफ के लिए जलपान तथा एनर्जी ड्रिंक की बेहतर व्यवस्था की गई।

अस्पताल के डायरेक्टर्स डॉ. उमेश गंगवार, डॉ. मो. नजीर हुसैन एवं डॉ. पवन गंगवार ने स्वयं रक्तदान कर स्टाफ को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. आसिम शहर से बाहर होने के कारण शिविर में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने भी स्टाफ का उत्साहवर्धन किया।

समाजसेवी पंकज भट्ट ने अपनी पत्नी एवं ग्रुप के साथ रक्तदान शिविर में सहभागिता की। वहीं 97 बार रक्तदान कर चुके रवीन्द्र टंडन ने अपनी धर्मपत्नी के साथ रक्तदान कर अस्पताल के डॉक्टरों एवं स्टाफ को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
यह रक्तदान शिविर आईएमए ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. अंजू उप्पल एवं डॉ. सेठी का विशेष सहयोग रहा।

अस्पताल प्रबंधन ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्टाफ सदस्यों, आईएमए ब्लड बैंक की टीम एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इस प्रकार के आयोजन समाज में मानव सेवा एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।




