नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी में बरेली कैंट विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी कर रहीं पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन के लिए मौलाना तौकीर रजा खां पर की गई टिप्पणी मुश्किल का सबब बनती दिख रही है। उनके बयान ने न केवल मुस्लिम मतदाताओं के बीच नाराजगी पैदा की है, बल्कि समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेतृत्व को भी असहज स्थिति में डाल दिया है। विवाद बढ़ता देख सपा महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी को सामने आकर सफाई देनी पड़ी। उन्होंने सुप्रिया ऐरन के बयान से साफ किनारा करते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। सुल्तानी ने तौकीर रजा के राजनीतिक सहयोग को स्वीकार करने की भी नसीहत दी और याद दिलाया कि वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में प्रवीण सिंह ऐरन की जीत में मौलाना की अहम भूमिका रही थी।
सुप्रिया ऐरन की टिप्पणी ऐसे समय सामने आई है, जब वह कैंट विधानसभा सीट से सपा का टिकट हासिल करने की कोशिश में हैं। इस सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की बड़ी हिस्सेदारी मानी जाती है। ऐसे में मौलाना तौकीर रजा को लेकर दिया गया बयान उनके लिए राजनीतिक जोखिम बन सकता है। खासकर तब, जब तौकीर रजा जेल में हैं और उनके समर्थकों तथा समाज के एक बड़े हिस्से में उनके प्रति सहानुभूति की चर्चा है। इस विवाद ने सुप्रिया की दावेदारी के सामने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या पार्टी ऐसे चेहरे पर दांव लगाएगी, जिसके बयान से संभावित वोट बैंक में नाराजगी पैदा हो रही है?
क्या कहा था सुप्रिया ने
पीडीए पंचायत के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि प्रवीण सिंह ऐरन (सुप्रिया के पति) जब-जब मजबूत होते हैं तब-तब ये लोग मौलाना तौकीर रजा जैसे लोगों को लाकर मुस्लिम वोटों को बांटने का काम करते हैं। जब उनसे एक पत्रकार ने कहा कि 2009 के लोकसभा चुनाव में जब प्रवीण सिंह ऐरन जीते थे तो मौलाना तौकीर रजा ने उस समय प्रवीण सिंह ऐरन की मदद की थी तो इस पर सुप्रिया भड़क गईं और बोलीं उन्होंने हमारी कोई मदद नहीं की थी, पार्टी नेतृत्व लेकर आया था उनको लेकिन उन्होंने हमारी कोई मदद नहीं की थी। सुप्रिया ने आगे कहा कि बाद के चुनावों में क्या हुआ सबने देखा।
शमीम खां सुल्तानी ने याद दिलाया 2009 का चुनाव
शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि हजरत तौकीर रजा खां आला हजरत परिवार के सदस्य हैं। बरेली देश-विदेश के सुन्नी मुसलमानों की आस्था का केंद्र है और इस परिवार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी दरगाह और उससे जुड़े सभी लोगों का सम्मान करते हैं और उनकी पार्टी भी सम्मान करती है।
सुल्तानी ने वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वह चुनाव चतुष्कोणीय था और प्रवीण सिंह ऐरन लगभग 9,200 वोटों के अंतर से जीते थे। उनके मुताबिक, उस चुनाव में मौलाना तौकीर रजा ने प्रवीण सिंह ऐरन की काफी मदद की थी। उनकी भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने साफ कहा कि सुप्रिया ऐरन को भी इस राजनीतिक सहयोग को स्वीकार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सुप्रिया ने ऐसा क्यों कहा कि तौकीर रजा ने उनकी कोई मदद नहीं की या उनकी वजह से ऐरन को नुकसान हुआ, इस पर वह उनसे बातचीत करेंगे। पीडीए पंचायत में शामिल नहीं हो पाने की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि वह उस समय बरेली से बाहर थे। अब सुप्रिया से बैठकर इस मुद्दे पर बात करेंगे। शमीम ने यह भी कहा कि वीडियो को ध्यान से देखने पर उन्हें लगा कि सुप्रिया कहना कुछ और चाह रही थीं, लेकिन उनके मुंह से कुछ और निकल गया। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि ऐसी गलती से बचना चाहिए था।
पीडीए के नारे और मुस्लिम वोटों का सवाल
शमीम खां सुल्तानी ने पार्टी की चुनावी रणनीति का हवाला देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को सभी वर्गों के वोटों की जरूरत है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए का जो नारा दिया है, उसमें मुस्लिम समाज की बड़ी भागीदारी है। ऐसे में किसी भी ऐसे बयान से बचना चाहिए, जिससे पार्टी के इस सामाजिक समीकरण को नुकसान पहुंचे।
उनकी सफाई को केवल सुप्रिया ऐरन के बयान पर व्यक्तिगत प्रतिक्रिया मानना मुश्किल है। यह उस राजनीतिक असहजता का संकेत भी है, जिसमें एक तरफ पार्टी को अपने संभावित उम्मीदवारों की दावेदारी पर विचार करना है और दूसरी तरफ उन सामाजिक समूहों की नाराजगी से भी बचना है, जिनके समर्थन पर उसकी चुनावी रणनीति टिकी है। सुल्तानी ने सीधे तौर पर सुप्रिया का बचाव करने के बजाय तौकीर रजा के सम्मान और उनके पुराने राजनीतिक योगदान को रेखांकित किया। इससे साफ है कि स्थानीय नेतृत्व इस विवाद को चुनावी नुकसान में बदलने से रोकना चाहता है।
कैंट की दावेदारी पर मंडराया संकट
सुप्रिया ऐरन के सामने चुनौती इसलिए भी बड़ी है, क्योंकि कैंट सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 38 प्रतिशत बताई जाती है। इतनी बड़ी हिस्सेदारी वाले मतदाता समूह में नाराजगी टिकट की दावेदारी को प्रभावित कर सकती है। यह विवाद उनके विरोधियों को भी राजनीतिक रूप से मजबूत करने का अवसर दे सकता है।
सपा के पास कैंट सीट के लिए डॉ. अनीस बेग और राजेश अग्रवाल जैसे अन्य दावेदार भी मौजूद हैं। ऐसे में पार्टी के सामने उम्मीदवार चुनते समय केवल व्यक्तिगत राजनीतिक पहचान या पुराने चुनावी अनुभव का सवाल नहीं होगा, बल्कि यह भी देखना होगा कि कौन प्रत्याशी विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच स्वीकार्य है और किसके नाम पर पार्टी का चुनावी समीकरण मजबूत रह सकता है।
फिलहाल शमीम खां सुल्तानी की सफाई से यह स्पष्ट हो गया है कि स्थानीय सपा नेतृत्व सुप्रिया ऐरन के बयान को पार्टी की आधिकारिक सोच के रूप में पेश नहीं करना चाहता। लेकिन केवल सफाई से नाराजगी खत्म होगी या नहीं, यह आने वाले दिनों में सामने आएगा। सुप्रिया के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती अपने बयान से पैदा हुई राजनीतिक दूरी को पाटना है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह विवाद उनकी टिकट की दावेदारी के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।




