नीरज सिसौदिया, बरेली
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछने लगी है। बरेली महानगर की दो विधानसभा सीटें कैंट और शहर भी इस हलचल से अछूती नहीं हैं। समाजवादी पार्टी के संभावित उम्मीदवारों को लेकर इन दोनों सीटों पर चार चेहरे खास तौर पर चर्चा में हैं। दिलचस्प यह है कि दोनों सीटों पर एक-एक हिंदू और एक-एक मुस्लिम नेता अपनी दावेदारी को अलग-अलग आधार पर मजबूत करने में जुटे हैं। कैंट में वरिष्ठ सपा नेता राजेश अग्रवाल और डॉ. अनीस बेग के नाम चर्चा में हैं तो शहर सीट पर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हसीब खान और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष गौरव सक्सेना अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं।
इन चारों नेताओं की ताकत एक जैसी नहीं है। राजेश अग्रवाल के पास करीब तीन दशक का राजनीतिक अनुभव, जनआंदोलनों की पहचान और अलग-अलग सामाजिक वर्गों में संपर्क है। डॉ. अनीस बेग चिकित्सा पेशे से मिली सामाजिक पहचान, समाजसेवा, जरूरतमंदों की मदद और पीडीए अभियान के सहारे अपनी जमीन तैयार कर रहे हैं। शहर में हसीब खान की ताकत विधानसभा संगठन और मुस्लिम मतदाताओं के समीकरण में है तो गौरव सक्सेना के पास लगातार तीन बार पार्षद चुने जाने, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका और हिंदू समाज के बीच राजनीतिक स्वीकार्यता का आधार है।
इन चारों चेहरों की चर्चा को सिर्फ हिंदू-मुस्लिम समीकरण तक सीमित करना उचित नहीं होगा। असली सवाल यह है कि कौन अपने परंपरागत सामाजिक आधार से आगे निकलकर दूसरे वर्गों का भरोसा जीत सकता है और कौन अपनी व्यक्तिगत लोकप्रियता को चुनावी नतीजों में बदलने की क्षमता रखता है।
राजेश अग्रवाल : तीन दशक का अनुभव, आंदोलनकारी पहचान और भाजपा के परंपरागत वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश
बरेली कैंट विधानसभा सीट पर राजेश अग्रवाल की दावेदारी इस समय सबसे अधिक चर्चा में रहने वाले राजनीतिक विषयों में शामिल है। करीब तीन दशक से राजनीति में सक्रिय राजेश अग्रवाल की पहचान केवल एक पार्षद या समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी की नहीं, बल्कि जनसमस्याओं को लेकर अधिकारियों से भिड़ने और आंदोलनों के जरिए दबाव बनाने वाले नेता की रही है। वह बरेली विकास प्राधिकरण के सदस्य और सपा के वरिष्ठ महानगर उपाध्यक्ष भी हैं।

राजेश अग्रवाल की सबसे बड़ी ताकत उनका व्यक्तिगत संपर्क और अलग-अलग वर्गों में स्वीकार्यता बनाने की कोशिश है। उनका दावा है कि वह पिछले 30 वर्षों से जनता के बीच लगातार काम कर रहे हैं। उनके साथ करीब 300 लोग पार्षद बन चुके हैं। व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से भी उनका संपर्क है। वह चैंबर ऑफ कॉमर्स, लायंस क्लब, पर्वतीय रामलीला, गंगा महारानी शोभा यात्रा, तुलसी मठ, आनंद आश्रम, अग्रवाल सेवा समिति, सरस्वती शिशु मंदिर, ब्रह्माकुमारी और साई सेवा संस्थान जैसे कई ऐसे संगठनों के कार्यक्रमों का हिस्सा रहते हैं जहां अन्य सपा नेताओं की पहुंच लगभग न के बराबर है। वह रोजाना कई सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होते हैं और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम, बीडीए, बिजली विभाग तथा दूसरे सरकारी कार्यालयों तक पहुंचते हैं। उनकी राजनीति का एक महत्वपूर्ण पक्ष जनआंदोलन हैं।
राजेश अग्रवाल की राजनीति का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि वह भाजपा के परंपरागत समर्थक माने जाने वाले कुछ सामाजिक और व्यापारिक वर्गों में भी व्यक्तिगत संपर्क बनाने का दावा करते हैं। उनका तर्क है कि कैंट सीट पर विपक्षी दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती भाजपा के वोट बैंक में सेंध लगाने की रही है। वह खुद को ऐसा उम्मीदवार मानते हैं जो भाजपा से नाराज मतदाताओं को सपा के पक्ष में ला सकता है।
डॉ. अनीस बेग : चिकित्सा पेशे की पहचान, जरूरतमंदों के मददगार, पीडीए अभियान और सामाजिक एकता का संदेश
कैंट विधानसभा सीट पर राजेश अग्रवाल के सामने चर्चा में रहने वाला दूसरा प्रमुख नाम डॉ. अनीस बेग का है। वह समाजवादी पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ से जुड़े वरिष्ठ नेता हैं और पेशे से चिकित्सक हैं। उनकी राजनीति का आधार सामाजिक संपर्क, चिकित्सा क्षेत्र से बनी पहचान, जरूरतमंदों की मदद और पीडीए की अवधारणा को जमीनी स्तर पर पहुंचाने की कोशिश है।

डॉ. अनीस बेग की खासियत यह है कि उन्होंने अपनी राजनीतिक गतिविधियों को केवल बड़ी सभाओं और चुनावी जनसंपर्क तक सीमित नहीं रखा है। वह पीडीए पंचायतों के साथ छोटी-छोटी विचार गोष्ठियों के माध्यम से भी लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। उनका प्रयास पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के लोगों को सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दों पर जोड़ने का है। सितंबर 2026 में नवादा शेखान में मौर्य समाज की ओर से आयोजित पीडीए विचार गोष्ठी में उनकी भागीदारी सामने आई। इसके बाद अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में सहसवानी टोला में भी उन्होंने पीडीए अभियान को लेकर विचार गोष्ठी आयोजित की। इसमें सामाजिक एकता, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। यह उनकी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है, क्योंकि कैंट में केवल मुस्लिम मतदाताओं के भरोसे चुनावी चुनौती देना आसान नहीं होगा। उनकी चुनौती यह होगी कि पीडीए की राजनीतिक अवधारणा को वास्तविक चुनावी समर्थन में कैसे बदला जाए। कैंट सीट पर दलित, पिछड़े, मुस्लिम और हिंदू मतदाताओं के अलग-अलग सामाजिक समूहों को जोड़ना आसान नहीं है। उन्हें यह भी साबित करना होगा कि उनकी व्यक्तिगत स्वीकार्यता पार्टी के परंपरागत समर्थकों से आगे बढ़कर व्यापक मतदाता वर्ग तक पहुंच सकती है।
हसीब खान : विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी, मुस्लिम मतदाताओं का समीकरण
बरेली शहर विधानसभा सीट पर हसीब खान का नाम समाजवादी पार्टी के प्रमुख दावेदारों में शामिल है। वह शहर विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत पार्टी के संगठन में मिली जिम्मेदारी और कार्यकर्ताओं के बीच लगातार संपर्क बनाए रखना है। वह केवल टिकट की दावेदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बूथ स्तर पर पार्टी की चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने में भी भूमिका निभा रहे हैं।

विगत 31 अगस्त को हसीब खान ने लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने बरेली शहर विधानसभा सीट के राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों की जानकारी दी। उन्होंने दावा किया था कि शहर सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की हिस्सेदारी लगभग 41 प्रतिशत तक पहुंच गई है और यदि पार्टी सही सामाजिक समीकरण के आधार पर उम्मीदवार चुनती है तो इस बार सीट जीत सकती है।
हसीब खान की ताकत का दूसरा पहलू संगठनात्मक सक्रियता है। वह लगभग डेढ़ दशक से भी अधिक समय से संगठन में सक्रिय हैं और विभिन्न पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष होने के नाते उनकी जिम्मेदारी बूथ कमेटियों का गठन, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखना और पार्टी की नीतियों को मतदाताओं तक पहुंचाना है। वह महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के साथ संगठनात्मक बैठकों में भी सक्रिय रहते हैं। वह महानगर संगठन में अपनी भूमिका लगातार मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
हसीब खान के पक्ष में शहर विधानसभा क्षेत्र का सामाजिक समीकरण भी महत्वपूर्ण है। मुस्लिम मतदाताओं की बड़ी संख्या उनके लिए संभावित आधार तैयार करती है। लेकिन यही उनकी सबसे बड़ी चुनावी चुनौती भी है। भाजपा के मजबूत संगठन और गैर-मुस्लिम मतदाताओं के बीच उसकी पकड़ को देखते हुए उन्हें मुस्लिम मतों के साथ यादव, पिछड़े, दलित और अन्य गैर-भाजपा मतदाताओं को भी जोड़ना होगा।
उनके सामने एक और चुनौती यह है कि संगठन में पद और व्यक्तिगत चुनावी लोकप्रियता हमेशा एक ही चीज नहीं होते। उन्हें यह साबित करना होगा कि विधानसभा अध्यक्ष के रूप में बनाई गई राजनीतिक पहचान वोटों में भी बदल सकती है। इसके बावजूद शहर सीट पर उनकी दावेदारी को नजरअंदाज करना पार्टी के लिए आसान नहीं होगा।
गौरव सक्सेना : तीन बार पार्षद बनने का अनुभव, हिंदू बहुल वार्ड में पकड़ और शहरभर में प्रचार
बरेली शहर विधानसभा सीट पर गौरव सक्सेना का नाम भी तेजी से चर्चा में आया है। वह नगर निगम में समाजवादी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष हैं और शहर सीट से टिकट के दावेदारों में शामिल हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत यह है कि वह लगातार तीन बार पार्षद का चुनाव जीत चुके हैं। खास बात यह है कि उनका चुनावी आधार हिंदू बहुल वार्ड में रहा है। ऐसे में वह समाजवादी पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण हिंदू चेहरे के रूप में देखे जा रहे हैं।

गौरव सक्सेना की राजनीतिक यात्रा छात्र जीवन से समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ाव से शुरू हुई। एक सामान्य कार्यकर्ता से नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष तक पहुंचने का उनका सफर संगठन के भीतर उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता को भी दर्शाता है। तीन बार पार्षद चुने जाने का अनुभव उनके पक्ष में जाता है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्हें शहर की नागरिक समस्याओं को उठाने और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने विपक्ष की आवाज रखने का अवसर मिलता है।
नवंबर 2026 के शुरुआती दिनों में उन्होंने अपनी विधानसभा दावेदारी को लेकर शहरभर में दृश्य प्रचार भी तेज किया। दीपावली, भैया दूज और गंगा स्नान की शुभकामनाओं वाले सैकड़ों होर्डिंग और कई स्थानों पर दीवार लेखन के जरिए उन्होंने 124 बरेली शहर विधानसभा क्षेत्र में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। मिनी बाईपास, गांधीपुरम, कर्मचारीनगर, किला, डेलापीर, संजयनगर, भूड़, कोहाड़ापीर और डीडीपुरम सहित कई इलाकों में उनकी प्रचार सामग्री दिखाई दी।
गौरव सक्सेना की दावेदारी का राजनीतिक महत्व इसलिए भी है क्योंकि बरेली शहर सीट पर समाजवादी पार्टी लंबे समय से हिंदू मतदाताओं के बीच अपना आधार मजबूत करने की चुनौती का सामना करती रही है। मुस्लिम मतदाताओं के बड़े आधार के बावजूद केवल इसी समीकरण के भरोसे चुनाव जीतना आसान नहीं है। ऐसे में गौरव सक्सेना जैसे हिंदू चेहरे की मौजूदगी पार्टी को दूसरे सामाजिक वर्गों तक पहुंच बनाने का अवसर देती है।
उनकी दूसरी ताकत नगर निगम की राजनीति के जरिए अलग-अलग मोहल्लों में बना संपर्क है। सड़क, सफाई, जलापूर्ति, जलभराव और दूसरी नागरिक समस्याओं को लेकर उनकी भूमिका रहती है। सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द से जुड़े कार्यक्रमों में भी उनकी भागीदारी सामने आती रही है। इससे उनकी राजनीतिक पहचान केवल कायस्थ समाज तक सीमित नहीं रहती। हालांकि, उनकी सबसे बड़ी चुनौती नगर निगम की राजनीति से बाहर निकलकर पूरे विधानसभा क्षेत्र में अपनी चुनावी स्वीकार्यता साबित करना है। पार्षद का चुनाव और विधानसभा चुनाव दोनों की प्रकृति अलग होती है। विधानसभा क्षेत्र का विस्तार, मतदाताओं की विविधता और भाजपा का मजबूत संगठन उनके सामने बड़ी चुनौती होंगे। यदि वह अपनी स्थानीय पकड़ को व्यापक सामाजिक समर्थन में बदलने में सफल होते हैं तो शहर सीट पर सपा के लिए एक अलग चुनावी विकल्प बन सकते हैं।




