नीरज सिसौदिया, नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने गठबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत का पहला दौर सोमवार से नई दिल्ली में शुरू होने की संभावना है। कांग्रेस ने 20 दिसंबर तक सीट बंटवारे पर सहमति बनाने का लक्ष्य रखा है। बातचीत दो दिनों तक चल सकती है। माना जा रहा है कि यह बैठक राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर होगी।
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि दोनों दल सोमवार से शुरुआती चर्चा के लिए मिलने वाले हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि पार्टी 20 दिसंबर तक सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी करना चाहती है, क्योंकि विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। उन्होंने संकेत दिया कि बातचीत की अगुवाई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा कर सकती हैं।
कांग्रेस की ओर से संभावित बातचीत में प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी शामिल हो सकते हैं। वहीं, सपा की ओर से महासचिव रामगोपाल यादव, वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र यादव और सांसद राजीव राय के बातचीत में शामिल होने की संभावना है।
सपा ने सीट बंटवारे के लिए चार सदस्यीय आधिकारिक समिति गठित की है। इसकी अध्यक्षता रामगोपाल यादव करेंगे। समिति में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा चौधरी को शामिल किया गया है।
दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे में 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे महत्वपूर्ण आधार बन सकते हैं। कांग्रेस विपक्षी गठबंधन की सफलता का हवाला देते हुए अधिक सीटों की मांग कर रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की 80 में से 43 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा को बड़ा झटका दिया था। कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा के साथ गठबंधन के दौरान मिली 107 सीटों का उदाहरण भी दे रही है। हालांकि, सपा सीटों के बंटवारे में जीतने की संभावना को सबसे महत्वपूर्ण आधार मान रही है।
इस बीच, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया बयान के बाद कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग किए जाने की चर्चा भी तेज हुई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर सीटों की एक कथित सूची प्रसारित हुई। हालांकि, कांग्रेस ने इस सूची को आधिकारिक मानने से इनकार किया है। दोनों दलों ने अभी तक सीटों की संख्या को लेकर अपना रुख सार्वजनिक नहीं किया है।
गठबंधन के सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने की चुनौती होगी। सूत्रों के मुताबिक, 16 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच भी सीट बंटवारे को लेकर संक्षिप्त बातचीत हुई थी।
2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से सपा ने 37 और कांग्रेस ने छह सीटें जीती थीं। गठबंधन के इस प्रदर्शन ने विधानसभा चुनाव में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस की अपेक्षाएं बढ़ाई हैं। हालांकि, सपा जीत की संभावना और विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति को प्राथमिकता देने के पक्ष में है।




