हरियाणा

मंगल नगर नाले पर परिषद खर्च करेगी डेढ़ करोड़

सोहना, संजय राघव

सोहनावासियों को पानी निकासी समस्या से शीघ्र ही निजात मिलने की संभावना है जिसके लिए नगरपरिषद विभाग ने नाले का निर्माण किए जाने की कवायद शुरू कर दी है| उक्त निर्माण पर करीब डेढ़ करोड़ रूपए की राशी खर्च की जाएगी जिसमें सड़क व नाले का निर्माण होगा जिसके निर्माण का कार्य विभाग द्वारा शुरू कर दिया गया है| विभागीय अधिकारियों का दावा है कि उक्त कार्य बरसात से पूर्व संपन्न हो जाएगा| ऐसा होने से नागरिकों को कई वर्षों से हो रही पानी निकासी समस्या से राहत मिलने की संभावना है|
विदित है कि स्थानीय नागरिक कई वर्षों से पानी निकासी समस्या से जूझ रहे हैं| निकास ना होने से प्रतिदिन सभी मार्गों पर गंदा व दूषित पानी खड़ा हो जाता है| बरसात के मौसम में तो उक्त समस्या ज्यादा विकराल हो जाती है तथा लोगों की दुकानों व घरों में बरसती पानी घुस जाता है| उक्त पानी निकासी समस्या के समाधान के लिए नगरपरिषद् विभाग ने नाले का निर्माण कराना आरंभ कर दिया था| उक्त नाला मंगलनगर से लेकर दमदमा मार्ग तक बनाया जाएगा जिसका पानी शमशान घाट के बराबर मर्ज किया जाएगा| यह नाला करीब एक किलोमीटर लंबाई का होगा जो 7×8 फुट चौड़ा होगा जिस पर करीब डेढ़ करोड़ रूपए की लागत खर्च होगी| नाले के साथ सड़क का निर्माण भी किया जाएगा|
नाले का निर्माण धीमा
नगरपरिषद् विभाग द्वारा निर्मित कराए जा रहे नाले का निर्माण कछुआ गति से चल रहा है| निर्माण कार्य के लिए टेंडर अनुसार समय सीमा समाप्त हो चुकी है किन्तु बावजूद इसके नाला आज तक भी अधूरा पड़ा है जबकि सड़क का निर्माण अभी तक शुरू नहीं किया गया है|
सरकार ने दी मंजूरी
सरकारी मंजूरी के पश्चात् नाले के निर्माण में आ रही रुकावटें अब दूर होने की संभावना है| सरकार ने नगरपरिषद् विभाग को भूमि अधिग्रहत किए जाने की हरी झंडी प्रदान कर दी है जिसके चलते नाले के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है|
क्या कहते हैं अधिकारी
सोहना नगरपरिषद् विभाग के कार्यकारी अधिकारी विजय कुमार पोसवाल कहते हैं कि पानी निकासी की समस्या काफी गंभीर है जिसके लिए नाला तैयार किया जा रहा है जो जल्द ही पूरा करा दिया जाएगा|
वहीं सोहना एसडीएम सतीष यादव कहते हैं कि उन्होंने नाले का निर्माण बारिश होने से पूर्व किए जाने के आदेश परिषद् विभाग को दे दिए हैं|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *