हरियाणा

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी का जन्मोत्सव 15 मई को मनाया जाएगा सेवा संकल्प दिवस के रूप में

Share now

कुरुक्षेत्र (ओहरी)

श्रीकृष्ण कृपा परिवार द्वारा 15 मई को गीता मनीषी
स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का 61वां जन्मोत्सव सेवा और संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाएगा। यह निर्णय जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर कृष्ण कृपा एवं गऊशाला समिति की गीता ज्ञान संस्थानम् के कार्यालय में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए संकीर्तन प्रमुख सुनील वत्स ने बताया कि 15 मई को प्रात: 6 बजे श्रीकृष्ण कृपा गऊशाला में यज्ञ आयोजित किया जाएगा और उसके बाद प्रात: 7 बजे कृष्ण कृपा परिवार के सदस्य पिपली की गलियों में जाकर स्वच्छता अभियान चलाएंगे और झाड़ू लेकर सफाई करेंगे। इसके अतिरिक्त गरीब बस्तियों में चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा। डॉ. अशोक छाबड़ा के नेतृत्व में आयोजित किए जाने वाले इस चिकित्सा शिविर में रोगियों की जांच नि:शुल्क की जाएगी और उन्हें दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। उसी दिन प्रात: 8 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के नॉन टीचिंग क्लब में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें कम से कम 61 यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। सांयकाल को 6 बजे न्यू लक्षमण कालोनी में सतीश डोगरा के निवास स्थान पर संकीर्तन व भंडारा आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन सभी कार्यक्रमों में कृष्ण कृपा परिवार के साथ-साथ जनता की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में श्रीकृष्ण कृपा गऊशाला के प्रधान सतपाल सिंगला, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य विजय नरूला, महादेव गऊशाला के प्रधान मंगत राम मैहता, सतीश डोगरा, सुरेन्द्र हम्बीरिया, विनोद शर्मा, रमाकांत शर्मा, नरेश गौड़, दर्शन सहगल, रामपाल शर्मा सहित अनेक सदस्यों ने भाग लिया और गीतामयी स्वामी ज्ञानानंद जी का जन्मोत्सव श्रद्धाभाव और धूमधाम से सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *