बिहार

भाजपा के भ्रष्टाचार पर चुप क्यों हैं नीतीश : तेजस्वी यादव

पटना : राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने कर्नाटक में भाजपा की सरकार गिरने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। उन्होंने नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के भ्रष्टाचार पर खुद को नैतिकता के धनी व अंतरात्मा पुरुष कहने वाले नीतीश कुमार चुप क्यों हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि न्यू इंडिया में भाजपा की तथाकथित लोकतांत्रिक गुंडई, दबंगई, छिनतई, माफियागिरी और विधायकों की खुली खरीद-फरोख्त पर नीतीश कुमार चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के भ्रष्टाचार पर आपकी अंतरात्मा क्या आपको धिक्कार नहीं रही है। नेता प्रतिपक्ष ने सवालिया अंदाज में नीतीश पर तंज कसते हुए कहा कि विधायकों से मोलभाव करते, लोकतंत्र की माफियाओं द्वारा बोली लगाते येदियुरप्पा व उनके जमात के टेप से तो आप अवगत हो गए होंगे? तेजस्वी ने पूछा कि लोकतंत्र की माफियागिरी में आपकी चुप्पी आपके परम सहयोगी दल के पक्ष में थी या विपक्ष में! तेजस्वी यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह लोग खिलाने के लिए तैयार हैं लेकिन कोई खाने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे नंगे भ्रष्टाचार को नीतीश जी का पूर्ण समर्थन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *