बिहार

शादी की तारीख तय हुई, कार्ड भी बंट गये और फिर इसलिए टूट गया रिश्ता…

अमित कुमार यादव, समस्तीपुर

कल्याणपुर में दहेज के लिये एक शादी का रिश्ता विवाह के पूर्व ही टूट गया। इसको लेकर ऐपवा की जिला सचिव प्रमिला राय ने दोषी पर कार्रवाई की मांग की है। प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा है कि कल्याणपुर झखडा के सुखलाल यादव ने अपनी छोटी बच्ची की शादी के लिए वारिसनगर थाना के किशनपुर गांव में रिश्ता तय किया था। छेका के रस्म के बाद दोनों पक्षों की सहमति से शादी की तिथि भी 5 जून 2018 को निर्धारित की गई। उन्होंने कहा कि बाराती खर्च के लिये लड़के के पिता ने लड़की के पिता से एक लाख 75 हजार रुपये भी ले लिए।

इसके बाद शादी के कार्ड सगे-संबंधियों के बीच बंटना शुरू हो गया। इसी बीच लड़के के पिता ने लड़की के पिता को 25 जून को अपने घर पर बुला कहा कि लड़का 75 हजार रुपये व बुलेट मोटर की मांग कर रहा है। इसे देने के बाद ही शादी होगी अन्यथा नहीं होगी। लड़की के पिता ने देने में असमर्थता जाहिर की। इसी पर शादी करने से लड़के वाले ने इंकार कर दिया। ऐपवा की जिला सचिव ने बताया कि कानूनी कार्रवाई के लिए सुखलाल यादव ने वारिसनगर थाना में भी आवेदन दिया है। जिसकी प्रतिलिपि ऐपवा की जिला कमेटी को भी दी गयी है। उन्होने एसपी से जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *