पंजाब

कांग्रेस भवन पहुंचे ऑब्जर्वर, जिला प्रधान बलदेव सिंह देव से ली चुनावी हालात की जानकारी, हाईकमान को सौंपेंगे रिपोर्ट

नीरज सिसौदिया, जालंधर
जालंधर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी संतोख सिंह के नामांकन में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के शामिल होने के बाद चुनावी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं| बिखरती नजर आ रही कांग्रेस अब एकजुट हो चुकी है| एक तरफ मोहिंदर सिंह केपी की नाराजगी दूर हुई तो दूसरी तरफ हाईकमान की ओर से भेजे गए ऑब्जर्वर भी पूरे सियासी माहौल पर नजर बनाए हुए हैं| बदलते चुनावी समीकरणों की जानकारी और हालात का जायजा लेने के लिए कांग्रेस हाईकमान द्वारा दिल्ली से भेजे गए ऑब्जर्वर नरेश कुमार और चंडीगढ़ से भेजी गई ऑब्जर्वर सुरभि वर्मा ने कांग्रेस जिला प्रधान बलदेव सिंह देव से कांग्रेस भवन में मुलाकात की| इस दौरान उन्होंने संसदीय क्षेत्र की चल रही गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ ही कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए|

कांग्रेस भवन में जिला प्रधान बलदेव सिंह देव, मोहिंदर सिंह केपी और प्रदीप राय से चुनावी हालात पर चर्चा करते ऑब्जर्वर नरेश कुमार.

नरेश कुमार के साथ महेंद्र सिंह के पी भी कांग्रेस भवन आए थे| दोनों आब्जर्वर ने जिला प्रधान से चुनाव को लेकर तैयार की गई रणनीति के बारे में जानकारी ली| जिला प्रधान ने उन्हें बताया कि वह अपनी तरफ से पूरी तैयारी कर रहे हैं| पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की भी उन्होंने जानकारी दी|

कांग्रेस भवन में जिला प्रधान बलदेव सिंह देव से सियासी हालात पर चर्चा करती ऑब्जर्वर सुरभि वर्मा.

बलदेव सिंह देव से जानकारी हासिल करने के बाद नरेश कुमार कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी संतोख सिंह से मिलने गए| सूत्र बताते हैं कि वह विधायकों से भी मुलाकात करेंगे| सूत्र यह भी बताते हैं कि अॉब्जर्वर 19 मई तक लगातार संसदीय क्षेत्र के चुनावी समीकरणों पर नजर बनाए रखेंगे| सूत्र बताते हैं कि चौधरी संतोख सिंह की मजबूत स्थिति से ऑब्जर्वर संतुष्ट नजर आए|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *