एजेंसी, बठिंडा
बेटे को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी एएसआई को ग्रामीणों ने रंगेहाथों पकड़कर जमकर पीट दिया. साथ ही घटना की एक वीडियो भी बना ली जिसमें आरोपी आपत्तिजनक हालत में दिखाई दे रहा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार जिले के गांव बाठ में एक महिला के साथ दुष्कर्म कर रहे एएसआई को गांववासियों ने काबू किया है। गांववासियों का आरोप है कि एएसआई महिला को संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहा था। पीड़ित महिला के अनुसार कुछ दिन पहले उसके बेटे के खिलाफ पुलिस ने नशा तस्करी का झूठा केस दर्ज किया था। बेटे को बचाने के लिए एएसआई उसको ब्लैकमेल कर रहा था।
दो दिन पहले एएसआई ने उसको आदेश अस्पताल के पास बुलाकर दुष्कर्म किया था। इसके बाद वह घर आने की जिद करने लगा। इस बात से परेशान महिला ने सारी कहानी परिवार व गांववासियों को बता दी, जिसके बाद उसे रंगे हाथों पकड़ा गया। इस दौरान गांववासियों ने एक वीडियो भी बनाई है, जिसमें एएसआई आपत्तिजनक हालत में नजर आ रहा है.