यूपी

सुभाष नगर ओवरब्रिज निर्माण का रास्ता साफ, आगामी बोर्ड की बैठक का इंतजार

नीरज सिसौदिया, बरेली
सुभाष नगर के बाशिंदों को अब सुभाष नगर पुलिया के कारण होने वाली परेशानियों से निजात मिलने जा रही है। इसके निर्माण का रास्ता साफ हो चुका है। रविवार को आयोजित स्मार्ट सिटी की बैठक में स्थानीय सांसद संतोष गंगवार, शहर विधायक डा. अरुण कुमार और महापौर डा. उमेश गौतम की मौजूदगी में कई अहम निर्णय लिए गए।


उक्त जनप्रतिनिधियों ने आज नगर निगम में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और नगर निगम के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। इसमें स्मार्ट सिटी से जुड़े विभिन्न कार्यों पर चर्चा की गई। साथ ही कैंट विधानसभा सीट के अंतर्गत पड़ते सुभाष नगर की पुलिया पर ओवरब्रिज के निर्माण का मुद्दा भी उठा।

आगामी बोर्ड की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव लाया जाएगा। प्रस्ताव पास होने के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। कैंट विधानसभा सीट का यह एक बड़ा मुद्दा है जो हर विधानसभा चुनाव में जोर शोर से उठाया जाता है लेकिन चुनाव के बाद ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता था। मेयर डा. उमेश गौतम के प्रयासों से यह मुद्दा अब स्थाई समाधान की ओर बढ़ रहा है। मेयर का कहना है कि उनका कार्यकाल खत्म होने से पहले वह सुभाष नगर ओवरब्रिज का मुद्दे का स्थाई हल कर देंगे। बैठक में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत होने वाले अन्य विकास कार्यों पर भी मुहर लगाई गई।
बहरहाल, सुभाष नगर ओवरब्रिज के निर्माण के लिए आगामी बोर्ड बैठक का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *