नीरज सिसौदिया, बरेली
खत्री समाज के दिग्गज नेताओं में शुमार पूर्व पार्षद प्रह्लाद मेहरोत्रा आज अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए हैं। पार्टी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। प्रह्लाद मेहरोत्रा की भाजपा में वापसी के साथ ही कैंट विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार संजीव अग्रवाल को और मजबूती मिली है।

प्रह्लाद मेहरोत्रा बिहारीपुर खत्रियान से पार्षद रहे हैं। मेहरोत्रा परिवार चार बार पार्षद रहा। वह निर्दलीय भी चुनाव जीतते रहे। इलाके में उनकी अच्छी पकड़ है। पूर्व सांसद स्व. राजवीर सिंह के भी वह बेहद करीबी रहे हैं। जिसका फायदा आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार संजीव अग्रवाल को मिलेगा।
प्रह्लाद मेहरोत्रा की भाजपा में वापसी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
प्रह्लाद मेहरोत्रा ने संतोष गंगवार सहित अन्य भाजपा नेताओं का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने कहा कि अबकी बार वह पूरे तन, मन और धन से कैंट विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी संजीव अग्रवाल को चुनाव लड़वाएंगे और विजय दिलवाएंगे।
वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने फूलमालाएं पहनाकर प्रह्लाद मेहरोत्रा का स्वागत किया। इस मौके पर दीपक मलिक, प्रदीप अग्रवाल, प्रेमशंकर, रमेश सक्सेना, पंकज रस्तोगी, राम मेहरा, अनुदीप गुप्ता, सुमित कपूर, अमित कपूर, सचिन गुप्ता आदि मौजूद थे।