यूपी

21 मार्च से मेयर आएंगे आपके द्वार, ऑन द स्पॉट होगा समस्याओं का समाधान, पढ़ें क्या है पूरी योजना?

नीरज सिसौदिया, बरेली
नगर निगम से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अब आपको परेशान नहीं होना पड़ेगा। अब मेयर खुद आपके द्वार आएंगे और समस्याओं का समाधान कराएंगे। मेयर का यह कार्यक्रम आगामी 21 मार्च से शुरू होने की उम्मीद है।
मेयर डा. उमेश गौतम ने बताया कि आगामी 21 मार्च से वह वार्ड निरीक्षण कार्यक्रम शुरू करने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम के तहत वह प्रत्येक वार्ड में जाएंगे और एक निर्धारित समय पर जनता की समस्याएं सुनेंगे। साथ ही पूरे वार्ड का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। इस दौरान नगर निगम के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी भी उनके साथ होंगे। जनता की समस्याएं सुनने के साथ ही उनका ऑन द स्पॉट निराकरण भी किया जाएगा। इस दौरान सड़क, जलापूर्ति, पथ प्रकाश, साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था मिलने पर संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मेयर हर घर में पानी, टूटी सड़कें, गलियां, नालियों की सफाई, डलावघर आदि की व्यवस्था देखेंगे। जिन गलियों या सड़कों का निर्माण कार्य हो चुका है लेकिन शिलापट्ट नहीं लगाए गए हैं उनकी भी जानकारी लेकर शिलापट्ट लगाए जाएंगे।
मेयर डा. उमेश गौतम की इस कवायद को आगामी नगर निगम चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद अब पूरा फोकस नगर निगम चुनाव पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *