दुनिया

निजी कंपनियों में अगले माह से होंगी बंपर भर्तियां, आप भी कर सकते हैं प्रयास

नई दिल्ली। बेरोजगारी का दंश झेल रहे स्किल्ड युवाओं के लिए अच्छी खबर है. अगले माह से कई मल्टीनेशनल कंपनियों में बंपर भर्तियां की जाएंगी. इनमें से 64 फीसदी कंपनियां अक्टूबर से दिसंबर के बीच भारत में युवाओं को रोजगार देने जा रही हैं. यह दावा मैनपावर ग्रुप की ओर से जारी की गई रोजगार परिदृश्य सर्वे रिपोर्ट में किया गया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि भू-राजनीतिक तनाव के बीच विकासशील देशों के लिए वृद्धि के अवसरों की संभावनाओं के मद्देनजर ये भर्तियां की जाएंगी. रिपोर्ट की मानें तो देश में अगले तीन महीने रोजगार की दृष्टि से काफी अच्छे रहने वाले हैं.

कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस सर्वे में 41 देशों और क्षेत्रों के सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के 40,600 नियोक्ताओं की राय ली गई. सर्वे के अनुसार, भारत में 64 प्रतिशत कंपनियां अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाएंगी. वहीं, 10 प्रतिशत कंपनियों ने कर्मचारियों की छंटनी करने की भी बात कही है. 24 प्रतिशत कंपनियों का कहना था कि उनकी कर्मचारियों की संख्या में किसी तरह का बदलाव करने की योजना नहीं है. इस तरह शुद्ध रोजगार परिदृश्य 54 प्रतिशत बैठता है. नियुक्तियों की संख्या के मामले में ब्राजील के बाद भारत दूसरे स्थान पर है. ब्राजील में 56 प्रतिशत नियोक्ताओं ने नई नियुक्तियों की बात कही. सर्वे में कहा गया है कि पिछले साल की समान अवधि से तुलना की जाए, तो नियुक्तियों की धारणा में 10 प्रतिशत अंक का सुधार हुआ है. वहीं, पिछली तिमाही की तुलना में इसमें तीन प्रतिशत का सुधार है. मैनपावरग्रुप इंडिया के प्रबंध निदेशक संदीप गुलाटी ने कहा कि भारत की बुनियाद मजबूत है. लघु अवधि के झटकों के बावजूद वृद्धि को प्रोत्साहन देने वाली नीतियों, बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश में बढ़ोतरी और बढ़ता निर्यात मध्यम से दीर्घावधि में इन झटकों के असर को कम करेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *