यूपी

विधायक संजीव अग्रवाल का विधानसभा में दमदार भाषण, नाथ नगरी के लिए मांगी मेट्रो ट्रेन, सेंट्रल यूनिवर्सिटी सहित बहुत कुछ, विपक्ष को दिखाया आईना, पढ़ें और देखें लाइव भाषण…

Share now

नीरज सिसौदिया, लखनऊ
बरेली कैंट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल ने बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विधानसभा में अपने लगभग 6 मिनट 56 सेकंड के दमदार भाषण में जहां विपक्ष को आईना दिखाया वहीं, नाथ नगरी के कई मुद्दे भी उठाए। उन्होंने बरेली में मेट्रो ट्रेन सेवा की जरूरत को रेखांकित करते हुए सदन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया। उन्होंने सदन में मांग उठाई कि बरेली में भी मेट्रो ट्रेन सेवा शुरू की जानी चाहिए। इसी के साथ संजीव अग्रवाल का नाम बरेली के इतिहास में भी सदा के लिए दर्ज हो गया क्योंकि बरेली महानगर के लिए सदन में मेट्रो ट्रेन सेवा का मुद्दा उठाने वाले संजीव अग्रवाल बरेली महानगर के पहले विधायक बन गए हैं।
संजीव अग्रवाल ने बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय की मान्यता देने की मांग भी विधानसभा के पटल पर रखी। उन्होंने कहा कि बरेली कॉलेज की स्थापना लगभग दो सदी पहले की गई थी। आज उस ऐतिहासिक बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाना चाहिए। इसके अलावा संजीव अग्रवाल ने बरेली के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की मांग भी विधानसभा में उठाई। बता दें कि बरेली महानगर के ये तीनों अहम मुद्दे हैं। साथ ही उन्होंने बदायूं रोड पर बस अड्डे की मांग भी उठाई। बता दें कि ये सभी मुद्दे न सिर्फ कैंट विधानसभा के लिए हितकारी हैं बल्कि पूरे बरेली जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के लिए भी काफी अहम हैं। खास तौर पर एम्स जैसे मुद्दे का अगर समाधान होता है तो पड़ोसी जिलों और पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के कई जिलों के लोगों के लिए यह वरदान साबित होगा।


इसके साथ ही योगी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए संजीव अग्रवाल ने सदन में विपक्षी दलों को भी आईना दिखाया। उन्होंने कहा, ‘मान्यवर, कल जब सदन में राज्यपाल महोदय अपना अभिभाषण कर रहे थे तो कुछ लोग सदन में नारेबाजी कर रहे थे, व्यवधान डाल रहे थे। उसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। कुछ लोगों की प्रवृत्ति होती है शुभ कार्यों में खलल डालने की। कल जब मंदिर मामले को लेकर माननीय संसदीय कार्य मंत्री द्वारा जब सदन में धन्यवाद प्रस्ताव रखा गया तब भी कुछ लोगों ने उसका समर्थन नहीं किया। ‘

मुख्यमंत्री एवं भाजपा विधायक दल के साथ बरेली कैंट विधायक संजीव अग्रवाल।

संजीव अग्रवाल ने सरकार की उपलब्धियों की ओर सदन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा, ‘आज भारत आगे बढ़ चुका है। अमृत काल में आत्मनिर्भर भारत, समृद्ध भारत विकसित भारत के संकल्पों को सिद्ध करते हुए मोदी की गारंटी के साथ चल पड़ा है। आज पूरी दुनिया मान रही है कि भारत विश्व का मार्गदर्शन करने के लिए तैयार है। मोदी-योगी की सरकार दो संतों की सरकार, दो योगियों की सरकार, डबल इंजन की सरकार राम राज्य लाने की अवधारणा को मूर्त रूप दे रही है। एक ऐसा राम राज्य जहां सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास एक मंत्र के रूप में काम कर रहा है। बिना भेदभाव समाज के सभी वर्गों को, चाहे वे किसी भी मत के मानने वाले हों, विकास की धारा से जोड़ा जा रहा है। माननीय राज्यपाल के अभिभाषण में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासतों को सहेजने और संवारने के काम का उल्लेख किया गया है। श्रद्धेय योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम, विंध्याचल, देवीपाटन धाम, वृंदावन धाम, नैमिषारण्य धाम और नाथ नगरी बरेली जैसे सांस्कृतिक स्थलों का कायाकल्प हो रहा है।’

नीचे देखें पूरा भाषण—

https://fb.watch/q27_LyZHX7/?mibextid=Nif5oz

पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं का उल्लेख करते हुए संजीव अग्रवाल ने कहा, ‘पर्यटकों के लिए अब भारत में ताजमहल नहीं अयोध्या धाम मंदिर आकर्षण का केंद्र बन चुका है। हमारे तीर्थ स्थल जो आज सबसे बड़े धार्मिक केंद्र के रूप में उभरकर सामने आए हैं, वो लोगों को रोजगार दे रहे हैं। हमारी अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं। यह साधारण बात नहीं है। अयोध्या अब धार्मिक, आर्थिक और पर्यटन विकास की मिसाल बन रही है। नाथ नगरी बरेली भी अभूतपूर्व विकास की ओर चल पड़ी है। नाथ कॉरिडोर मूर्त रूप ले रहा है। बरेली की पर्यटन स्थली शिवनगरी के रूप में विकसित हो रही है। बरेली के सभी प्रसिद्ध मंदिरों को एक-दूसरे से जोड़कर भव्य स्वरूप देने का प्रयास चल रहा है। माननीय राज्यपाल के अभिभाषण का एक-एक शब्द सच्चाई बयान करता है। यह राज्य के विकास की तस्वीर है, प्रगति के पथ पर बढ़ रहे प्रदेश की झांकी है। आज कोई भूखा नहीं है, कोई इलाज से वंचित नहीं है। कानून का राज है। अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हो रही है। खाद्यान्न निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। शिक्षा, चिकित्सा के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हो रहे हैं। गरीबों को, पिछड़ों को, वंचितों को, महिलाओं को, युवाओं को, दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का काम हो रहा है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन बनाने का संकल्प साकार हो रहा है। सरकार की इन्हीं नीतियों के कारण आज छह करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर उठ चुके हैं। अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति ने भय मुक्त वातावरण तैयार किया है। बाबा का बुलडोजर आज पूरे देश में अन्याय के दमन का प्रतीक बन गया है।’
प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सुधारों को रेखांकित करते हुए बरेली कैंट के विधायक ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश सरकार का शिक्षा पर विशेष ध्यान है। पिछले 6-7 वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। विद्यालय संवारे जा रहे हैं, स्मार्ट क्लास चलाई जा रही हैं। 25 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत निशुल्क स्मार्ट फोन और टैबलेट दिए जा रहे हैं।’
राज्यपाल के अभिभाषण का हवाला देते हुए संजीव अग्रवाल ने कहा, ‘माननीय राज्यपाल महोदय ने अपने अभिभाषण में स्वास्थ्य सेवाओं का भी उल्लेख किया है। सरकार चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी की दिशा में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। हममें से सदन का कोई ऐसा सदस्य नहीं होगा जिसके लिखने पर माननीय मुख्यमंत्री जी के विवेकाधीन कोष से चिकित्सा सहायता न मिली हो। मैं माननीय मुख्यमंत्री जी को इसके लिए बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने गरीबों और जरूरतमंदों की चिकित्सा के लिए सहृदयता दिखाई है। एक जनपद, एक मेडिकल कॉलेज योजना पूर्णता प्राप्त करने वाली है। रोगों पर नियंत्रण हुआ है। आयुष्मान भारत, जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मेला जैसे कार्यक्रमों से देश से करोड़ों लोगों को लाभ पहुंच रहा है।’

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *