नीरज सिसौदिया, नई दिल्ली
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए। वह करीब 11 महीने बाद जेल से बाहर आए हैं। जेल से रिहाई के बाद उनके दोनों बेटे अदीब और अब्दुल्ला ने बाहर आकर उनका स्वागत किया। आजम खान की रिहाई के लिए वारंट बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे डासना जेल पहुंचा था। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। इस दौरान जेल के बाहर 500 से अधिक समर्थक मौजूद थे। उनकी गोद ली हुई बेटी एकता कौशिक भी जेल पहुंची थीं।
गौरतलब है कि आजम खान 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहा हुए थे, लेकिन प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से वह गाजियाबाद की डासना जेल में बंद थे। इस बीच बुधवार सुबह ईडी ने आजम खान की अंतरिम जमानत को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देते हुए मामले की तत्काल सुनवाई की मांग की थी। इस पर न्यायाधीश ने ईडी की जल्दबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि आजम खान को जमानत पर रहने दीजिए, इससे आसमान नहीं टूट पड़ेगा।




