यूपी

जिला अध्यक्ष की जंग में कूदे महेंद्र सिंह लोधी राजपूत, सपा सुप्रीमो को भेजा आवेदन, लोधी समाज के लिए मांगा प्रतिनिधित्व, पढ़ें क्या कहते हैं आंकड़े और क्या हैं महेंद्र सिंह की खूबियां?

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी जल्द ही बरेली जिला अध्यक्ष बदलने जा रही है। इसकी भनक लगते ही इस पद के दावेदार भी खुलकर सामने आने लगे हैं। संजीव यादव, शुभलेश यादव, अरविंद यादव जैसे नेताओं के बाद अब लोधी समाज से महेंद्र सिंह लोधी राजपूत ने भी ताल ठोक दी है। महेंद्र सिंह वर्तमान में महानगर सचिव के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को लिखित आवेदन भेजकर लोधी समाज को प्रतिनिधित्व देते हुए उन्हें जिला अध्यक्ष बनाने का अनुरोध किया है।
बता दें कि आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर प्रदेश के कई जिलों में सपा के जिला अध्यक्ष बदले जाने हैं। बताया जा रहा है कि बरेली मंडल में बरेली और पीलीभीत जिलों के अध्यक्ष बदले जाएंगे।

महेंद्र सिंह ने अपने आवेदन में लिखा है, ‘आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी आपको अवगत कराना चाहता हूं कि बरेली में जब से समाजवादी पार्टी का जिला संगठन बना है तब से लेकर अब तक लोधी समाज से एक भी जिला अध्यक्ष नहीं बना है। पूरे उत्तर प्रदेश में लोधी समाज सपा से जुड़ रहा है। अगर इस बार बरेली में लोधी समाज से जिला अध्यक्ष बनाया जाता है तो पूरे मंडल में सपा को इसका लाभ मिलेगा।’
महेंद्र सिंह का कहना है कि बरेली जिले की नौ विधानसभा सीटों पर लोधी समाज निर्णायक भूमिका में है। उनके अनुसार, मीरगंज में 85000, आंवला में 65000, बिथरी में 55000, कैंट में 45000, फरीदपुर में 25000, नवाबगंज में 30000, बहेड़ी में 25000, भोजीपुरा में 28000 और शहर विधानसभा सीट पर 20000 लोधी समाज के वोटर हैं। कुल मिलाकर लगभग चार लाख लोधी वोट हैं और हर विधानसभा सीट पर ये निर्णायक हैं। ऐसे में लोधी समाज का जिला अध्यक्ष पार्टी के लिए फायदेमंद हो सकता है।


बता दें कि अब तक जो जिला अध्यक्ष रहे हैं उनमें सबसे ज्यादा समय तक यादव ही जिला अध्यक्ष रहे हैं। इनमें वीरपाल सिंह यादव, भगवत सरन गंगवार, स्व. तारा सिंह सोलंकी, शुभलेश यादव, अगम मौर्य और शिवचरऩ कश्यप शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *