नीरज सिसौदिया, लखनऊ
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को महिला सभा की पदाधिकारी के साथ बैठक की और उनके सुझाव लिए। इस दौरान महिला सभा की विभिन्न पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार रखे और आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाओं से संबंधित मांगों के बारे में भी बताया।
बैठक के बाद अखिलेश यादव ने पत्रकार वार्ता की, जिसमें महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रीबू सहित कई लोग उपस्थित थे। इस दौरान अखिलेश यादव ने वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पेंशन योजना समाजवादी पार्टी की ही देन थी। इसी योजना के तर्ज पर दूसरे दलों ने योजनाएं लागू करने का वादा करके विभिन्न राज्यों में सरकार बना ली, लेकिन अब उन योजनाओं में कटौती की जा रही है।
अखिलेश यादव ने वादा किया कि अगर उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो स्त्री समृद्धि योजना के तहत हर महीने प्रदेश की हर गरीब महिला को ₹3000 दिए जाएंगे। यह आर्थिक सहायता महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महिला हेल्पलाइन 1090 को और सशक्त बनाया जाएगा। महिलाओं के हितों के लिए बड़े पैमाने पर समाजवादी पार्टी काम करेगी। उन्होंने बैठक में सुझाव देने के लिए समाजवादी पार्टी की महिला सभा की पदाधिकारियों का धन्यवाद भी अदा किया।
वहीं, अखिलेश यादव के इस ऐलान की समाजवादी पार्टी बरेली के चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. अनीस बेग, बरेली शहर विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष हसीव खान और महानगर सचिव महेंद्र सिंह लोधी राजपूत सहित कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस ऐलान की सराहना की।

डॉ. अनीस बेग ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा महिलाओं के हित में काम करती रही है। माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी की यह घोषणा कि वह सपा सरकार बनने पर प्रदेश की हर गरीब महिला को ₹3000 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता देंगे, बेहद सराहनीय है। निश्चित तौर पर समाजवादी पार्टी अगर प्रदेश में सत्ता में आती है, तो महिलाओं की स्थिति में बड़े पैमाने पर सुधार आएगा, जिससे उनके जीवन के स्तर में भी सुधार आएगा और वह एक खुशहाल जीवन जी सकेंगी।
