नीरज सिसौदिया
समाजवादी पार्टी के मौजूदा जिला अध्यक्ष शिवचरन कश्यप की विदाई में अब ज्यादा वक्त नहीं रह गया है। सूत्र बताते हैं कि एक माह के भीतर ही बरेली जिले को नया जिला अध्यक्ष मिल सकता है। सूत्र यह भी बताते हैं कि इस बार हाईकमान बरेली में संगठन को फिर से उसी तरह की मजबूती देने की कोशिश में है जिस तरह की मजबूती पूर्व राज्यसभा सांसद वीरपाल सिंह के जिला अध्यक्ष के कार्यकाल के दौरान थी। यही वजह है कि इस बार पार्टी एक बार फिर जिले की कमान किसी यादव को ही सौंपने की तैयारी कर रही है। हालांकि, वीरपाल सिंह यादव को कमान नहीं सौंपी जाएगी लेकिन उनकी जगह कोई यादव चेहरा जरूर उतारा जाएगा। अगर ऐसा हुआ तो गैर यादव दावेदारों के लिए जिला अध्यक्ष पद की राह आसान नहीं होने वाली।
अब बात यादव दावेदारों की। सपा और यादवों का रिश्ता किसी से छुपा नहीं है। ऐसे में पार्टी के पास काबिल यादव नेताओं की भी कोई कमी नहीं है। हालांकि, वीरपाल सिंह यादव के कद का कोई यादव नेता फिलहाल बरेली सपा में नहीं है लेकिन दूसरी पीढ़ी के कई यादव नेता हैं जो संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का दम भी रखते हैं और दावेदारी भी जता रहे हैं। इनमें दो पूर्व ब्लॉक प्रमुख हैं तो एक पूर्व जिला अध्यक्ष, वहीं, एक अन्य नेता को संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है।
इनमें पहला नाम है संजीव यादव का। संजीव यादव सपा के जिला महासचिव सहित कई जिम्मेदार पदों पर रह चुके हैं।

युवा नेता के तौर पर जाने जाने वाले संजीव यादव का नाम जिले के प्रमुख यादव नेताओं में शुमार किया जाता है। सरल स्वभाव के संजीव यादव की छवि भी साफ-सुथरी है। विवादों का उनसे कोई नाता नहीं है।
दूसरा नाम शुभलेश यादव का है। पूर्व जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव के पास संगठन का लंबा अनुभव है। जिले के आला नेताओं से लेकर जमीनी कार्यकर्ता तक उनके मुरीद हैं।

जिले के कई दिग्गज नेता भी चाहते हैं कि जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी शुभलेश यादव संभालें।
तीसरा नाम अरविंद यादव का है। बरेली में समाजवादी पार्टी में सबसे पुराने नेता अरविंद यादव ही हैं। वह आज तक कभी भी पार्टी छोड़कर नहीं गए। वह पिछले चुनाव में बिथरी विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी भी कर चुके हैं। हाल ही में उनके पिता का निधन हुआ। उनके अंतिम संस्कार में पूरे जिले के हर आम-ओ-खास नेता और कार्यकर्ताओं के साथ ही आम आदमी भी जुटा था।

अरविंद यादव बरेली के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं जिन्हें पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव व्यक्तिगत तौर पर जानते और मानते हैं।
अगला चेहरा आदेश यादव उर्फ गुड्डू का है। आदेश यादव पूर्व जिला अध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव के भतीजे हैं। वो भमोरा ब्लॉक से ब्लॉक प्रमुख भी रह चुके हैं।
